Stock Market Today: बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 77,700 के पार खुला; निफ्टी भी चढ़ा, जानें अहम स्तर
मुंबई: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और ईरान को लेकर जारी तनाव के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। बीएसई का सेंसेक्स 163 अंक चढ़कर 77,701 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई का निफ्टी 52 अंक की बढ़त के साथ 24,284 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत करता नजर आया।
गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में लगातार सात कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया था। सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,537.72 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत चढ़कर 24,231.85 के स्तर पर बंद हुआ था।
93 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
कच्चे तेल की कीमतों में इस सप्ताह तेज उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर कारोबार कर रहा है। एक समय इसकी कीमत 94.71 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। हालांकि बाद में मुनाफावसूली के चलते इसमें करीब 0.7 प्रतिशत की गिरावट आई और कीमत 93.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
अमेरिका की ओर से ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाने की चेतावनी के बाद ऊर्जा बाजार में चिंता बढ़ी है। ईरान ने इन धमकियों को खारिज करते हुए इसे आर्थिक आतंकवाद बताया है। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका से भी बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को कारोबार का रुख मिला-जुला रहा। जापान का निक्केई करीब 0.8 प्रतिशत गिरा और इस सप्ताह उसकी कुल गिरावट करीब 4.4 प्रतिशत तक पहुंच गई। दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजारों में मामूली तेजी रही, हालांकि साप्ताहिक आधार पर दोनों बाजार दबाव में बने हुए हैं।
अमेरिकी बाजार से भी सीमित सकारात्मक संकेत मिले। एसएंडपी 500 वायदा करीब 0.1 प्रतिशत और नैस्डैक वायदा करीब 0.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। अगले सप्ताह आने वाले एनवीडिया के तिमाही नतीजों पर प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े शेयरों की नजर रहेगी।
डॉलर कमजोर, सोने को मिला सहारा
डॉलर में कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के बीच सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ी है। सोना करीब 4,513 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर स्थिर रहा। इस सप्ताह अब तक इसकी कीमत में करीब 3.1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।
वहीं, डॉलर सूचकांक इस सप्ताह करीब 0.9 प्रतिशत कमजोर होकर 98.802 पर आ गया। कमजोर डॉलर और वैश्विक तनाव की स्थिति से सोने की कीमतों को सहारा मिल रहा है।
निफ्टी के लिए 24,000 का स्तर अहम
तकनीकी स्तर पर 24,000 का स्तर निफ्टी के लिए महत्वपूर्ण समर्थन माना जा रहा है। वहीं 24,300 से 24,400 का क्षेत्र तत्काल प्रतिरोध के तौर पर देखा जा रहा है। यदि निफ्टी इस स्तर के ऊपर मजबूती बनाए रखता है तो 24,600 तक जाने की संभावना बन सकती है। इसके विपरीत 24,000 के नीचे फिसलने पर बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।
बैंक निफ्टी के लिए 57,700-57,800 अहम
बैंक निफ्टी में 57,700 से 57,800 का स्तर महत्वपूर्ण प्रतिरोध क्षेत्र माना जा रहा है। इसके ऊपर मजबूती मिलने पर 58,000 का स्तर अगला अहम पड़ाव हो सकता है। वहीं 57,000 के नीचे जाने पर बैंकिंग शेयरों में दबाव बढ़ने की आशंका है।