अलास्का में चार्टर प्लेन क्रैश, 2 पायलट समेत 8 लोग सवार थे; सभी की मौत की आशंका

0 44

अलास्का: अमेरिका के अलास्का में एक चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। विमान में दो पायलट और छह यात्री समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद से किसी भी सवार की जानकारी नहीं मिल सकी है। अधिकारियों ने विमान में मौजूद सभी लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है। दुर्घटना के बाद बड़े स्तर पर तलाश और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

विमान ने एंकोरेज से उड़ान भरी थी और केप नेवेनहैम के पास हादसे का शिकार हो गया। अलास्का के नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ्टी बोर्ड के अध्यक्ष क्लिंट जॉनसन के मुताबिक, विमान में दो पायलट और छह यात्री मौजूद थे। फिलहाल उनके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे अभियान से जुड़ी अधिक जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा।

ब्रिटेन में भी हुआ था छोटा विमान हादसा

इससे दो दिन पहले ब्रिटेन के नॉर्थ वेल्स के एक दुर्गम इलाके में भी छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हादसे में मारे गए दोनों लोगों की पहचान भारतीय मूल के दंपति के तौर पर हुई थी। दोनों की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई गई थी।

माना जा रहा था कि केतन स्वाली विमान में पायलट की भूमिका में थे। उन्होंने पिछले सप्ताह इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में बर्टन-अपॉन-ट्रेंट के टैटनहिल हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उनके साथ उनकी पत्नी शीतल भी विमान में मौजूद थीं।

समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंचा था विमान

नॉर्थ वेल्स पुलिस के मुताबिक, विमान के तय समय पर उत्तर-पश्चिम वेल्स के स्नोडोनिया स्थित कार्नरफोन हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचने के बाद खोज अभियान शुरू किया गया था। शुक्रवार को हवा और जमीन दोनों माध्यमों से तलाश अभियान चलाया गया।

कई एजेंसियों की मदद से चलाए गए अभियान के दौरान विमान का मलबा ट्रॉसफिनिड के पास एक दुर्गम इलाके में मिला। पुलिस के मुताबिक, विमान में सवार दोनों लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया था।

हादसे की जांच में जुटी एजेंसी

ब्रिटेन के विमान हादसे की जानकारी एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच को दे दी गई थी। एजेंसी ने मामले की जांच के लिए अपनी टीम तैनात की थी।

ऑनलाइन कंपनी रिकॉर्ड के मुताबिक, केतन स्वाली लीसेस्टर स्थित इंजीनियरिंग कंपनी आर्क यूरो ट्रेड लिमिटेड के निदेशक थे। बताया गया है कि उन्होंने इसी साल की शुरुआत में अपना विनिर्माण कारोबार बंद कर दिया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.