गौतमबुद्धनगर: वित्तीय वर्ष 2026-27 में कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए अनुदान पाने वाले कृषकों का चयन ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया 24 अगस्त 2026, सोमवार को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार, सूरजपुर में आयोजित होगी। ई-लाटरी जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
यह चयन सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनाओं के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर (ग्रामीण उद्यमी) अनुदान संख्या-11 एवं 83 के लिए किया जाएगा।
चयनित कृषकों को एसएमएस से मिलेगी जानकारी
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि ई-लाटरी में चयनित कृषकों को उनके विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए चयन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कृषि यंत्र का बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि के बारे में भी संदेश के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
वहीं, प्रतीक्षा सूची में शामिल कृषकों को उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए प्रतीक्षा सूची का क्रमांक बताया जाएगा।
लक्ष्य से 50 प्रतिशत तक बनेगी प्रतीक्षा सूची
ई-लाटरी व्यवस्था के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा कुल निर्धारित लक्ष्य के 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त कृषकों की क्रमवार प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी।
यदि ई-लाटरी में चयनित कोई लाभार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि यंत्र नहीं खरीदता है, तो बचने वाले लक्ष्य के आधार पर प्रतीक्षा सूची में शामिल कृषकों का क्रमवार चयन किया जाएगा।
चयन नहीं होने पर वापस होगी जमानत राशि
ई-लाटरी में चयनित नहीं होने वाले सभी कृषकों की जमानत धनराशि वापस कर दी जाएगी। आवेदन के समय जमा की गई यह राशि कृषक के विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत बैंक खाते में वापस भेजी जाएगी।
24 अगस्त को ई-लाटरी में शामिल हो सकेंगे कृषक
उप कृषि निदेशक ने कस्टम हायरिंग सेंटर अनुदान संख्या-11 एवं 83 के तहत बुकिंग कराने वाले सभी कृषकों से निर्धारित तिथि और समय पर आयोजित ई-लाटरी प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है। ई-लाटरी 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार, सूरजपुर में होगी।