बदायूं में सरकारी जमीन पर मूर्ति लगाने को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव; कई जवान घायल, भीड़ पर लाठीचार्ज

0 22

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करने को लेकर बुधवार को विवाद बढ़ गया। बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में ईंटों का चबूतरा बनाकर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण रोकने का प्रयास किया तो भीड़ उग्र हो गई। लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस की कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुईं। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिस के रोकने पर भड़की भीड़

मामला सीकरी गांव का है, जहां सरकारी जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि प्रतिमा लगाने के लिए ईंटों का चबूतरा तैयार किया गया था और दोबारा मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था। प्रशासन और पुलिस की टीम जब बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को रोकने पहुंची, तो वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए।

पथराव में पुलिस की गाड़ियां क्षतिग्रस्त

विरोध के दौरान भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिस और प्रशासन के कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। हमले में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से खदेड़ दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सात से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। वहीं, विवाद की वजह बनी प्रतिमा को सुरक्षा के मद्देनजर मौके से हटाकर बिसौली थाने भेज दिया गया।

एसएसपी और डीएम ने संभाली कमान

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

गांव में पुलिस और पीएसी की गश्त जारी

घटना के बाद गांव में पुलिस और पीएसी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस पथराव और उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.