कैबिनेट विस्तार पर फिर लगेगा ब्रेक! विदेश दौरे पर जा रहे PM मोदी, जानिए कब लौटेंगे और कब हो सकता है फेरबदल
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी विदेश यात्राओं के चलते केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर इंतजार और बढ़ सकता है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के ऐलान के बाद अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। संसद के मानसून सत्र से पहले भी कैबिनेट विस्तार की अटकलें लगाई गई थीं, लेकिन उस समय इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया। अब प्रधानमंत्री की लगातार दो देशों की यात्रा के कारण इस पर फैसला कुछ और दिनों के लिए टलता नजर आ रहा है।
28 अगस्त को उज्बेकिस्तान जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। इसके बाद 31 अगस्त से एक सितंबर तक वह किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के 26वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
इस सम्मेलन में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। यूरेशिया क्षेत्र में भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखने के लिहाज से प्रधानमंत्री की दोनों मध्य एशियाई देशों की यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एससीओ सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लेंगे। भारत के लिए यह मंच क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिहाज से अहम है।
इसके अलावा मध्य एशिया के ऊर्जा संसाधनों और भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए ऊर्जा सहयोग पर भी चर्चा महत्वपूर्ण होगी। अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे जैसे संपर्क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी सम्मेलन अहम भूमिका निभा सकता है।
कई मंत्रियों के इस्तीफे के बाद खाली हुई जगहें
पिछले कुछ महीनों में केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम प्रमुख है। उनके इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रल्हाद जोशी को सौंपी गई थी।
इसके अलावा अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इन इस्तीफों के बाद से ही मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा चल रही है।
भाजपा अध्यक्ष की टीम के बाद कैबिनेट पर नजर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन के बाद अब राजनीतिक नजरें प्रधानमंत्री मोदी के अगले कदम पर टिकी हैं। हालांकि, कैबिनेट विस्तार को लेकर अभी कोई अंतिम तारीख सामने नहीं आई है। प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा के कार्यक्रम को देखते हुए माना जा रहा है कि इस पर फैसला उनकी वापसी के बाद ही आगे बढ़ सकता है।