रूस की ब्रिटेन को खुली चेतावनी, ‘स्टॉर्म शैडो चली तो सैन्य ठिकानों पर करेंगे हमला’; कीव समेत 9 यूक्रेनी शहरों पर बरसी मिसाइलें

0 20

मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में अब ब्रिटेन और फ्रांस की ओर से यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें देने के एलान के बाद तनाव और बढ़ गया है। रूस ने चेतावनी दी है कि अगर यूक्रेनी सेना ब्रिटेन की स्टॉर्म शैडो क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल करती है तो मॉस्को ब्रिटेन के सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है। रूस ने कहा है कि ये ठिकाने ब्रिटेन के भीतर या उसके बाहर भी हो सकते हैं।

रूस का कहना है कि वह लंबे समय से ब्रिटेन को यूक्रेन को लंबी दूरी तक हमला करने वाली मिसाइलें उपलब्ध कराने के खिलाफ चेतावनी देता रहा है। मॉस्को के मुताबिक ब्रिटेन ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया है, ऐसे में रूस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ सकती है।

ब्रिटेन ने रूस की इस धमकी को खारिज करते हुए कहा है कि वह यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़ा है। ब्रिटेन के मुताबिक यूक्रेन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले का सामना कर रहा है और उसे जिस हथियार की जरूरत होगी, वह उपलब्ध कराया जाएगा।

ब्रिटेन और फ्रांस के मिसाइल फैसले से बढ़ा तनाव

इसी सप्ताह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने यूक्रेन को स्टॉर्म शैडो मिसाइल देने के साथ उसके निर्माण का अधिकार देने की बात कही थी। इसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने स्टॉर्म शैडो के फ्रांसीसी संस्करण स्काल्प मिसाइल यूक्रेन को देने और उसके निर्माण का लाइसेंस देने की घोषणा की।

यूक्रेन पहले ही लंबी दूरी तक हमला करने वाले फ्लैमिंगो मिसाइल का विकास कर चुका है। ऐसे में उसे स्टॉर्म शैडो और स्काल्प मिसाइलें मिलने पर रूस के लिए चुनौती बढ़ सकती है। यूक्रेन फिलहाल लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन के जरिए भी रूस में हमले कर रहा है।

रूस ने दी ‘भयावह दुष्परिणाम’ की चेतावनी

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने गुरुवार को ब्रिटेन को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। उन्होंने यूक्रेन को स्टॉर्म शैडो और स्काल्प मिसाइलें देने के फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा।

जाखारोवा ने कहा कि रूस के लोगों के खिलाफ स्टॉर्म शैडो और स्काल्प मिसाइलों का इस्तेमाल आतंकी कृत्य माना जाएगा। रूस का कहना है कि यूक्रेन को ऐसी मिसाइलें उपलब्ध कराने से युद्ध का दायरा और बढ़ सकता है।

कीव समेत नौ शहरों पर रूस का मिसाइल और ड्रोन हमला

इस बीच रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव समेत नौ शहरों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। इन हमलों में विशेष रूप से यूक्रेन के आर्थिक ढांचे से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।

हमलों की चपेट में बंदरगाह, गोदाम, ऊर्जा प्रतिष्ठान और औद्योगिक इकाइयां आए। खार्कीव में हमले के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।

रूस ने इन हमलों में बैलिस्टिक मिसाइलों, हाइपरसोनिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और जेट इंजन से चलने वाले ड्रोन का इस्तेमाल किया।

यूक्रेन को मिली पैट्रियट मिसाइलें, फिर भी इंटरसेप्टर की कमी

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि इसी सप्ताह यूक्रेनी सेना को पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली की कुछ मिसाइलें मिली हैं। इसके बाद यूक्रेन रूस की सात बैलिस्टिक मिसाइलों और एक क्रूज मिसाइल को नष्ट करने में सफल रहा।

हालांकि जेलेंस्की के मुताबिक यूक्रेन के सामने इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी अभी भी बनी हुई है। ऐसे में रूस के लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता पर दबाव बना हुआ है।

रूस में यूक्रेनी हमले से ओजोन का ठिकाना प्रभावित

बुधवार और गुरुवार की रात रूस की ओर से यूक्रेन पर हमलों के बीच यूक्रेन ने भी रूस को निशाना बनाया। यूक्रेनी हमले में मध्य रूस में स्थित देश की दूसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन कंपनी ओजोन के एक ठिकाने को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.