12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, गौतमबुद्धनगर में हजारों मामलों के निस्तारण की तैयारी तेज

0 51

गौतमबुद्धनगर: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में न्यायालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

दीवानी न्यायालय से लेकर तहसील न्यायालयों तक होगा आयोजन

माननीय जनपद न्यायाधीश ने बताया कि 12 सितंबर 2026 को जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, सहज और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।

इन मामलों का होगा आपसी सहमति से निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, दीवानी वाद, मोटर वाहन अधिनियम और ई-चालान, मध्यस्थता, लघु शमनीय वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, विद्युत अधिनियम, भू-राजस्व और अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

इसके अलावा सेवा संबंधी मामले, पेंशन, श्रम विवाद और न्यायालय में वाद दायर होने से पहले के स्तर पर बैंक ऋण से जुड़े मामलों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। विद्युत विभाग और बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से जुड़े मामलों का भी पक्षकारों की सहमति से समाधान किया जा सकेगा।

विभागों को लंबित मामलों की पहचान के निर्देश

बैठक में जनपद न्यायाधीश ने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों की पहले से पहचान कर समयबद्ध तैयारी करने को कहा, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अधिकतम मामलों का निस्तारण संभव हो सके और नागरिकों को इसका व्यापक लाभ मिल सके।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गौतमबुद्धनगर अनुराग चंद्र सारस्वत को उनके अधीन सभी विभागों में लंबित मामलों की अग्रिम पहचान कर निस्तारण की तैयारी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग, श्रम विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग, एनपीसीएल, स्वास्थ्य विभाग, बीएसएनएल और अन्य संबंधित विभागों को भी व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर

माननीय जनपद न्यायाधीश ने राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक वादकारी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण तरीके से निस्तारण करा सकें।

जानकारी के लिए यहां कर सकते हैं संपर्क

मामलों के निस्तारण के लिए पक्षकार संबंधित न्यायालय से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के ई-मेल dlsa.gbnnoida@gmail.com अथवा मोबाइल नंबर 9716535451 और 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित प्राधिकरण, पुलिस और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.