ईरान से जंग के बीच अमेरिका को बड़ा झटका! US आर्मी के सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने दिया इस्तीफा

0 27

वॉशिंगटन: ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी सेना के सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ के साथ लंबे समय से चल रहे तनाव और मतभेद के बीच ड्रिस्कॉल ने यह कदम उठाया।

रिपोर्ट के अनुसार, डैन ड्रिस्कॉल के इस्तीफे की जानकारी तीन सूत्रों के हवाले से सामने आई है। एक सूत्र ने कहा कि ड्रिस्कॉल और पीट हेगसेथ के बीच तनाव को देखते हुए उनका पद छोड़ना पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं था।

व्हाइट हाउस ने की ड्रिस्कॉल के काम की तारीफ

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने डैन ड्रिस्कॉल की कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ड्रिस्कॉल ने राष्ट्रपति ट्रंप के अमेरिका को फिर से मजबूत बनाने के एजेंडे को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

केली के मुताबिक, ड्रिस्कॉल ने महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों के दौरान प्रभावी नेतृत्व दिया और सेना की तैयारी तथा मारक क्षमता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत में भी मदद की।

हेगसेथ के साथ अनबन के बीच लिया फैसला

रिपोर्ट के अनुसार, डैन ड्रिस्कॉल का इस्तीफा पीट हेगसेथ के साथ मतभेद और ईरान युद्ध शुरू होने के करीब छह महीने बाद सामने आया है।

इस साल की शुरुआत में हेगसेथ ने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज और दो अन्य जनरलों को पद से हटा दिया था। रैंडी जॉर्ज और डैन ड्रिस्कॉल ने पहले साथ मिलकर काम किया था।

सैनिकों की सुविधाओं और आधुनिक तकनीक पर था जोर

पूर्व आर्मी रेंजर और वेंचर कैपिटलिस्ट रहे डैन ड्रिस्कॉल सैनिकों के रहने की बेहतर व्यवस्था, सैन्य उपकरणों के आधुनिकीकरण और युद्ध के दौरान वाणिज्यिक तकनीक के इस्तेमाल के पक्षधर रहे।

उन्होंने यूक्रेनी सेना से मिली जानकारियों के आधार पर आधुनिक तकनीक और युद्ध से जुड़े अनुभवों को अमेरिकी सेना में लागू करने की वकालत की। उनके नेतृत्व के दौरान निजी कंपनियों ने अमेरिकी सेना के ठिकानों पर डेटा सेंटर, जरूरी खनिज रिफाइनरी और भोजन सुविधाओं में 25 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक निवेश करने का वादा किया था।

2025 में सीनेट ने नियुक्ति को दी थी मंजूरी

अमेरिकी सीनेट ने 25 फरवरी, 2025 को 66 के मुकाबले 28 मतों से डैन ड्रिस्कॉल की नियुक्ति को मंजूरी दी थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें अमेरिकी सेना के सेक्रेटरी पद के लिए नामित किया था।

ड्रिस्कॉल का सैन्य और निवेश क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। येल लॉ स्कूल से स्नातक होने से पहले उन्होंने ऑपरेशन इराकी फ्रीडम के दौरान 10वीं माउंटेन डिवीजन के साथ कैवेलरी स्काउट प्लाटून लीडर के रूप में अमेरिकी सेना में सेवा दी थी।

इसके बाद उन्होंने वेंचर कैपिटल और प्राइवेट इक्विटी के क्षेत्र में काम किया। वह वेंस के वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.