मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाहर एक नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। ओटीटी मंच सोनी लिव पर जल्द ही रियलिटी शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ शुरू होने जा रहा है। शो की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर चर्चा तेज है। खास बात यह है कि रोहित शर्मा इस नए शो की मेजबानी करेंगे और इसका प्रारूप भारतीय दर्शकों के लिए कुछ अलग होने का दावा किया जा रहा है। मंगलवार को शो का नया प्रोमो भी जारी किया गया है।
प्रोमो में रोहित शर्मा का दिखा खास अंदाज
शो के जारी किए गए प्रोमो में रोहित शर्मा कैफे जैसी जगह पर बैठे नजर आते हैं। इस दौरान वह वहां आने वाले अलग-अलग खिलाड़ियों से बातचीत करते दिखाई देते हैं। प्रोमो में मौजूद लोग रोहित से उनके उस चर्चित संवाद को दोहराने की मांग करते हैं, जो क्रिकेट मैच के दौरान काफी वायरल हुआ था।
‘गार्डन में नहीं घूमेगा कोई’ वाला संवाद फिर चर्चा में
रोहित शर्मा का ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ वाला संवाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। एक मुकाबले के दौरान रोहित ने अपनी टीम के खिलाड़ियों से यह बात कही थी। स्टंप माइक पर रिकॉर्ड होने के बाद उनका यह संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। अब नए शो के प्रोमो में भी इसी चर्चित संवाद को मनोरंजक अंदाज में शामिल किया गया है।
फैंस और क्रू मेंबर्स करते दिखे रोहित से मांग
प्रोमो में दिखाया गया है कि रोहित शर्मा से मिलने वाले लोग और शो के क्रू सदस्य बार-बार उनसे वही चर्चित ‘गार्डन’ वाला संवाद बोलने के लिए कहते हैं। रोहित के इस अंदाज को शो के मनोरंजन पक्ष से जोड़कर पेश किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि कार्यक्रम में क्रिकेट से जुड़े रोचक किस्सों और खिलाड़ियों के साथ हल्के-फुल्के पलों को भी जगह मिल सकती है।
क्यों खास है ‘फैमिली फुल हाउस’
‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ को लेकर सबसे बड़ा आकर्षण खुद रोहित शर्मा हैं। क्रिकेट में अपनी खास पहचान बना चुके रोहित अब मनोरंजन के मंच पर मेजबान की भूमिका में दिखाई देंगे। शो का प्रारूप भी अलग होने का दावा किया जा रहा है, जिसकी वजह से भारतीय दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, शो में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों और इसके पूरे प्रारूप की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।