यूपी में अगस्त ने तोड़े बारिश के रिकॉर्ड, सौ साल में दूसरी बार इतनी वर्षा; सितंबर में कैसा रहेगा मौसम?

0 5

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगस्त महीने की बारिश ने कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अगस्त के दौरान 235.5 मिमी के दीर्घकालिक औसत के मुकाबले 24 प्रतिशत अधिक, कुल 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह 21वीं सदी में अगस्त महीने की दूसरी सर्वाधिक वर्षा है। वर्ष 2018 में अगस्त के दौरान 293.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

अगस्त में प्रयागराज और बांदा ने बनाया नया रिकॉर्ड

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में अगस्त के दौरान 631.6 मिमी और बांदा में 646 मिमी बारिश दर्ज की गई। वर्ष 1901 में प्रेक्षण रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से इन दोनों जिलों में अगस्त महीने की यह अब तक की सबसे अधिक बारिश है।

प्रदेश में अगस्त की भारी बारिश के बावजूद पूरे मानसूनी सीजन का आंकड़ा अभी सामान्य से थोड़ा नीचे बना हुआ है। एक जून से एक सितंबर तक उत्तर प्रदेश में कुल 571.6 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य बारिश 600.2 मिमी मानी गई है। इस तरह प्रदेश में मानसून के दौरान अब तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

पश्चिमी यूपी में ज्यादा, पूर्वी यूपी में कम बरसा पानी

मानसूनी सीजन के आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 10 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

अगस्त में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश की स्थिति में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक पानी बरसा, जबकि कई जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझते रहे।

इन जिलों में हुई अत्यधिक बारिश

चित्रकूट, महोबा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 प्रतिशत या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई।

सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले

बांदा, कन्नौज, कानपुर नगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बिजनौर, एटा, फिरोजाबाद और हमीरपुर में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

इन प्रमुख जिलों में रही सामान्य बारिश

लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, आगरा, मुरादाबाद, बरेली और गोरखपुर में बारिश सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई, जहां वर्षा का अंतर सामान्य स्तर से 19 प्रतिशत अधिक से लेकर 19 प्रतिशत कम के बीच रहा।

20 जिलों में सामान्य से कम बारिश

अमेठी, बस्ती, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, सहारनपुर और सीतापुर समेत 20 जिले ऐसे रहे, जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। इन जिलों में वर्षा सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत तक कम रही।

वहीं भदोही, देवरिया, कानपुर देहात, कुशीनगर, गाजियाबाद और शामली में अत्यधिक कम बारिश दर्ज की गई। इन जिलों में वर्षा सामान्य से 60 से 99 प्रतिशत तक कम रही।

सितंबर में पश्चिमी यूपी और दक्षिण-पूर्वी यूपी के लिए अलग-अलग संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में बने अल-नीनो के प्रभाव से सितंबर महीने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं।

दूसरी ओर, हिंद महासागरीय द्विध्रुव के धनात्मक होने के कारण दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में सितंबर के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। ऐसे में अगस्त में रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद सितंबर में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा की स्थिति अलग-अलग रहने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.