80 लाख में फ्लैट बेचने की खबर बनी मौत की वजह! भांजी ने प्रेमी संग रची मौसा की हत्या की साजिश, रोहिणी केस में 4 गिरफ्तार

0 21

नई दिल्ली: रोहिणी में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या और घर से नकदी-जूलरी गायब होने के मामले में पुलिस ने महज ढाई घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि मृतक के परिवार के करीब रहने वाली सिमरन ने अपने प्रेमी हिमांशु और दो अन्य साथियों चिराग व पारस के साथ मिलकर लूट के लिए हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, सिमरन को जानकारी थी कि राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये में अपना फ्लैट बेचा था और उस रकम से सोना खरीदा था।

घर में अकेले थे राकेश

रोहिणी सेक्टर-3 में राकेश खन्ना अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घटना के वक्त उनकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। उन्होंने राकेश को बेहोशी की हालत में देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ढाई घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

वारदात की सूचना मिलते ही रोहिणी जिला पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों की भी पड़ताल की और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच आगे बढ़ने पर परिवार से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस का दावा है कि महज ढाई घंटे में हत्या और लूट की इस वारदात का खुलासा कर दिया गया।

भांजी ने प्रेमी और साथियों के साथ बनाई योजना

पुलिस के अनुसार, सिमरन को पता था कि राकेश खन्ना ने हाल में करीब 80 लाख रुपये में फ्लैट बेचा था और उस पैसे से सोना खरीदा था। इसी जानकारी के आधार पर उसने हिमांशु, चिराग और पारस के साथ मिलकर घर में रखी जूलरी लूटने की योजना बनाई। साजिश के तहत राकेश को निशाना बनाया गया।

पहले घर से बाहर भेजे गए रिश्तेदार

पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले सिमरन ने राकेश की पत्नी और कुछ रिश्तेदारों को मेला देखने के बहाने घर से बाहर भेज दिया था। इसके बाद घर का सेंट्रल लॉक खुलवाया गया। चिराग और पारस घर के भीतर दाखिल हुए, जबकि सिमरन और हिमांशु इमारत के नीचे रहकर निगरानी करते रहे। घर के अंदर दोनों आरोपियों ने राकेश की हत्या कर दी।

लूट में हाथ लगी सिर्फ डेढ़ लाख की जूलरी

आरोपियों को उम्मीद थी कि घर में बड़ी मात्रा में सोना और जूलरी मिलेगी, लेकिन उनके हाथ करीब 1.5 लाख रुपये की जूलरी ही लगी। पुलिस के अनुसार, राकेश खन्ना ने बाकी जूलरी पहले ही कहीं छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई जूलरी बरामद कर ली है। मामले में हत्या और लूट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, राकेश खन्ना की मौत की सटीक वजह और हत्या किस तरीके से की गई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.