अयोध्या के महंत नृत्यगोपाल दास का बड़ा ऐलान, श्रीकृष्ण जन्मभूमि में कार सेवा हुई तो खुद होंगे शामिल

0 23

अयोध्या: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से इस बार वह व्यक्तिगत रूप से मथुरा नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसका उन्हें खेद है। महंत ने स्पष्ट किया कि यदि अखाड़ा परिषद की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि में कार सेवा का निर्णय लिया जाता है, तो वह भी इसमें सहभागी होंगे।

जन्माष्टमी पर जारी किया शुभकामना संदेश

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मथुरा समेत देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संदेश पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा कि इस वर्ष वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने इसे लेकर अपना खेद भी जताया।

महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने अपने संदेश में कहा कि यदि अखाड़ा परिषद की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि में कार सेवा का निर्णय लिया जाता है, तो वह भी उसमें शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंदिर निर्माण का मार्ग निश्चित रूप से प्रशस्त होगा।

अगले साल मथुरा पहुंचने की जताई उम्मीद

महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के मीडिया सलाहकार शरद शर्मा ने उनके संदेश को सोशल मीडिया पर जारी किया। उन्होंने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास महाराज लगातार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर कृष्ण लला का अभिषेक और पूजन करते रहे हैं। इस बार स्वास्थ्य कारणों से मथुरा नहीं पहुंच पाने का उन्हें दुख है। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद महंत अगले वर्ष जन्माष्टमी में जरूर शामिल होंगे।

जन्मोत्सव में शामिल होने मथुरा पहुंचे लाखों श्रद्धालु

श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत पूरे ब्रज क्षेत्र में शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंच चुके हैं। शहर में चारों ओर उत्साह और उमंग का माहौल है। श्रद्धालुओं के समूह भक्ति में झूमते और नाचते नजर आ रहे हैं। मथुरा शहर को विद्युत प्रकाश और रंग-बिरंगी चुनरियों से सजाया गया है।

जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मथुरा-वृंदावन क्षेत्र को सात जोन और 35 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए साढ़े पांच हजार से छह हजार पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ब्रजभूमि में योगीराज श्रीकृष्ण के 5253वें जन्म दिवस का उत्सव गुरुवार से ही शुरू हो गया था। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं, जो लगातार बढ़ती जा रही थीं।

जन्माष्टमी पर पंचरत्नी पोशाक में विराजेंगे ठाकुरजी

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं के प्रवेश की व्यवस्था गोविंद नगर स्थित मुख्य द्वार से की गई है। जन्मस्थान परिसर में विराजमान केशवदेव जी, मां योगमाया, श्रीगर्भगृह और श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार मंदिर में विशिष्ट पूजन, सहस्त्रार्चन, जन्माभिषेक और आरती के दिव्य आयोजन होंगे।

जन्माष्टमी के अवसर पर ठाकुरजी को पंचरत्नी पोशाक धारण कराई जाएगी। इस विशेष पोशाक पर समुद्र मंथन से प्राप्त रत्नों से पंचरत्न कामधेनु गाय, पांचजन्य शंख, अमृत कलश, ऐरावत हाथी और कल्प वृक्ष को विशेष रूप से उकेरा गया है। वहीं, भागवत भवन में ठाकुरजी कलहंस के पुष्प बंगले में विराजमान होंगे। मध्य रात्रि 12 बजे ठाकुरजी का जन्माभिषेक किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.