AI से छात्रा की फर्जी अश्लील तस्वीर बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली, जान से मारने की धमकी; डर के कारण स्कूल जाना छोड़ा

0 69

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में किशोरी की कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से तैयार की गई फर्जी अश्लील तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने किशोरी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम खाता बनाया और उस पर उसकी अश्लील तस्वीर पोस्ट कर दी। इतना ही नहीं, युवक पर किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर परेशान करने का भी आरोप है। घटना से डरी छात्रा ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सहेलियों ने बताया, छात्रा के नाम से चल रहा फर्जी खाता

मामला जसराना थाना क्षेत्र के जाजूमई इलाके के एक गांव का है। यहां रहने वाली किशोरी एक स्कूल में पढ़ती है। रोज की तरह वह स्कूल जा रही थी, तभी उसकी कुछ सहेलियों ने उसे बताया कि उसके नाम से बने एक इंस्टाग्राम खाते पर उसकी अश्लील तस्वीर पोस्ट की गई है। शुरुआत में छात्रा को उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। बाद में सहेलियों से खाते की जानकारी लेने के बाद उसने खुद उसे देखा तो परेशान हो गई।

एआई की मदद से तैयार की गई थी अश्लील तस्वीर

छात्रा के नाम से बनाए गए फर्जी इंस्टाग्राम खाते पर उसकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से तैयार की गई अश्लील तस्वीर पोस्ट की गई थी। तस्वीर सामने आने के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी परिवार की महिलाओं को दी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी मामले की जानकारी हुई।

परिजनों ने फर्जी इंस्टाग्राम खाते के बारे में जानकारी जुटाई तो आरोप सामने आया कि कटैना हर्षा निवासी अंशुल यादव इस खाते का संचालन कर रहा था। परिवार का आरोप है कि युवक इंस्टाग्राम के जरिए छात्रा को लगातार परेशान करता था और उसे जान से मारने की धमकी भी देता था। घटना से भयभीत छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश

मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन थाना जसराना पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस की जांच में छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम खाता बनाए जाने और उस पर उसकी अश्लील तस्वीर पोस्ट किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अंशुल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.