गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस, 189 शिकायतें पहुंचीं; 12 का मौके पर निस्तारण

0 69

गौतमबुद्धनगर: जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। सदर, दादरी और जेवर तहसील में कुल 189 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

सदर तहसील में 5 शिकायतें, 3 का मौके पर समाधान

तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां आमजन की कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने इनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।

दादरी में सबसे अधिक 102 शिकायतें दर्ज

तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 102 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जेवर तहसील में 82 शिकायतें, 2 का तत्काल निस्तारण

तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। बाकी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.