यूपी मौसम: पूर्वांचल में चक्रवाती हवाओं से बदला मौसम, अगले 5 दिन हल्की बारिश के आसार

0 17

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। पूर्वांचल में करीब 5 हजार फीट की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में बादलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसके अलावा झारखंड से पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। सोमवार को कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव के कारण बादलों में गरज-चमक ज्यादा देखने को मिल सकती है, लेकिन बारिश अपेक्षाकृत कम होगी। अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। खास तौर पर मंगलवार को पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

रविवार को गोरखपुर में दिनभर आसमान में गहरे काले बादल छाए रहे। जिले के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ छींटे भी पड़े। हालांकि मौसम विभाग ने रविवार को बारिश शून्य दर्ज की। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

दो दिनों से पश्चिमी यूपी में बारिश

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार से शुरू हुई हल्की बारिश शनिवार को भी रुक-रुककर जारी रही। दिन में एक बार कुछ समय के लिए बारिश तेज हुई, लेकिन इसके बाद दिन और रात में हल्की बारिश होती रही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान भी रात में बूंदाबांदी जारी रही।

रविवार सुबह कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। इसके चलते शहर के निचले इलाकों में थोड़ा पानी भर गया। हालांकि बारिश थमने के बाद जलभराव का पानी भी आसानी से निकल गया।

सिद्धार्थनगर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद

सिद्धार्थनगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सोमवार, 7 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। बीएसए शैलेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.