जालौन में डकैती के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली; 3 गिरफ्तार, 2 फरार

0 21

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोंच कोतवाली क्षेत्र में कोंच पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य बदमाशों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस तरह कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ई-रिक्शा में सवार होकर जा रहे थे बदमाश

पुलिस के मुताबिक, डकैती की वारदात के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश तमंचे के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य बदमाशों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

दो दिन पहले सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर डाली थी डकैती

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने दो दिन पहले रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर डकैती डालने की बात कबूल की। आरोपियों ने कर्मचारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से डकैती में लूटे गए चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

दो बदमाश अभी भी फरार

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. इशान सोनी ने बताया कि डकैती की वारदात में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी दूसरे थानों से खंगाला जा रहा है।

तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.