ट्रंप का नया नाम बदलने वाला आइडिया! ‘न्यू मैक्सिको’ को ‘न्यू अमेरिका’ करने की बात, पोस्ट से मची हलचल

0 20

 

न्यू मैक्सिको: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अमेरिका के राज्य न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने का सुझाव दिया है। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा कि नया नाम इस शानदार राज्य के लोगों के लिए ज्यादा सम्मानजनक और सुंदर होगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें ‘मैक्सिको’ शब्द को हटाकर उसकी जगह ‘अमेरिका’ लिखा गया है।

ट्रंप ने पोस्ट में कहा कि कई लोगों ने न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने का सुझाव दिया है। उनके मुताबिक, यह नाम राज्य के लोगों के लिए कहीं ज्यादा सम्मानजनक और सुंदर होगा। ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें यह विचार काफी पसंद आया।

होर्मुज का नाम बदलने की भी कर चुके हैं बात

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी महत्वपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र का नाम बदलने की बात कही है। इससे पहले ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ करने का सवाल उठाया था।

ट्रंप ने पोस्ट में कहा था कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य अब अमेरिका के नियंत्रण में है, तो इसका नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ क्यों न कर दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका की तरह यह जलडमरूमध्य भी पहले से ज्यादा ‘हॉट’ होगा।

इससे पहले ट्रंप ने होर्मुज का नक्शा साझा करते हुए इसे ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ बताया था। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में शामिल है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। दुनिया की तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से होकर गुजरता है।

मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदल चुके हैं ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले मैक्सिको की खाड़ी और ओंटारियो झील के नाम बदलने को लेकर भी कदम उठा चुके हैं। कुछ दिन पहले कनाडा के साथ जारी व्यापार विवाद के बीच उन्होंने ओंटारियो झील का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने का आदेश दिया था।

‘अमेरिका की खाड़ी’ नाम पर भी हुआ था विवाद

पिछले साल ट्रंप ने मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर ‘अमेरिका की खाड़ी’ करने का आदेश दिया था। इसके बाद एप्पल और गूगल ने भी अमेरिका में अपने नक्शों पर इसका नाम बदल दिया था। हालांकि, मैक्सिको और कनाडा दोनों ने इन नामों में किए गए बदलावों को स्वीकार नहीं किया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.