सहारनपुर में AAP की पूर्व प्रवक्ता हुदा जरीवाला गिरफ्तार, मस्जिद ध्वस्तीकरण पर टिप्पणी के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

0 20

सहारनपुर: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी की पूर्व प्रवक्ता, यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जरीवाला सोमवार शाम मस्जिद ध्वस्तीकरण के विरोध में सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंची थीं। उनके वहां पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सर्किट हाउस के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिवक्ता ने थाने में दी थी शिकायत

अधिवक्ता दुष्यंत सिंह ने सोमवार सुबह सदर बाजार थाने में हुदा जरीवाला के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्होंने मस्जिद हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।

हुदा जरीवाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसमें वह कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और इसे लेकर मुस्लिम समाज के विरोध की बात कही। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।

वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता दुष्यंत सिंह का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद हुदा जरीवाला के बयान को लेकर लोगों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जरीवाला के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

हुदा जरीवाला आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रह चुकी हैं। वह लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं।

मस्जिद गिराए जाने के बाद जमीयत का बयान

इससे पहले सहारनपुर की ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट मस्जिद को गिराए जाने के बाद पैदा हुई स्थिति को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद का बयान सामने आया था। संगठन की ओर से कहा गया था कि आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद पर चला था बुलडोजर

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद पर बुलडोजर चलाया गया था। प्रशासन ने रात में मस्जिद को सील करने के बाद सुबह से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.