‘बदबू आ रही थी, लेकिन ड्राइवर ने नहीं रोकी बस’, यमुना एक्सप्रेसवे पर ‘बर्निंग बस’ का खौफनाक मंजर, 9 की मौत

0 15

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई. दिल्ली से महोबा जा रही इस बस में आग लगने से पहले यात्रियों ने धुआं और बदबू महसूस की थी. यात्रियों का आरोप है कि उन्होंने ड्राइवर को इसकी जानकारी देकर बस रोकने के लिए कहा, लेकिन बस नहीं रोकी गई. बाद में जब धुआं और आग तेजी से फैलने लगी, तब बस रोकी गई. हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर के मौके से फरार होने का भी दावा किया गया है.

यात्री ने बताया हादसे से पहले क्या हुआ

बस में सवार यात्री सुनील कुमार ने हादसे की पूरी कहानी बताई है. उनकी शिकायत के आधार पर इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. सुनील के मुताबिक, आग लगने से पहले बस के अंदर धुआं और बदबू महसूस होने लगी थी. कुछ यात्रियों ने इसकी जानकारी ड्राइवर को दी और बस रोकने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई.

सुनील ने बताया कि घटना बुधवार देर रात करीब 11.30 बजे की है. उस समय कुछ यात्री सो रहे थे, जबकि कुछ सोने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान बस में बदबू महसूस होने लगी. यात्रियों ने ड्राइवर को इसकी जानकारी दी और बस रोकने को कहा, लेकिन आरोप है कि ड्राइवर ने उनकी बात को अनसुना कर दिया.

धुआं बढ़ा तो रोकी गई बस

सुनील के मुताबिक, जब बस के अंदर धुआं तेजी से भरने लगा और आग फैलने लगी, तब जाकर बस रोकी गई. उनका दावा है कि इस दौरान ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए. आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई.

सुनील ने दावा किया कि हादसे के वक्त ड्राइवर गुटखा, पान और बीड़ी-सिगरेट पी रहा था. यात्रियों के बस रोकने के लिए कहने के दौरान ड्राइवर की हंसने की आवाज भी सुनाई दे रही थी. हालांकि, ड्राइवर की भूमिका और इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

फायर सिलेंडर से नहीं बुझी आग, खिड़की तोड़ने की कोशिश

सुनील ने बताया कि बस में आग लगने के बाद यात्रियों ने खुद ही लोगों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी. बस में आग बुझाने वाला सिलेंडर मौजूद था, लेकिन उससे आग पर काबू नहीं पाया जा सका. इसके बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों की चीखें और मदद की आवाजें सुनाई देने लगीं.

सुनील के मुताबिक, उन्होंने आग बुझाने वाले सिलेंडर की मदद से बस की खिड़की का शीशा तोड़ने की कोशिश की, ताकि अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा सके. कई लोग बचाव में जुटे, लेकिन आग बहुत तेजी से फैल रही थी. कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका. इस हादसे में 9 यात्रियों की जान चली गई.

‘समय पर बस साइड में लगती तो बच सकती थीं जानें’

सुनील का कहना है कि अगर बस को समय रहते सड़क किनारे लगा दिया जाता, तो यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल सकता था. उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त कई यात्री सो रहे थे. रात करीब 11.30 बजे तक ज्यादातर यात्री सोने की तैयारी में थे.

आग फैलने के बाद कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलने में कामयाब रहे. बाहर निकले एक यात्री ने उस समय का वीडियो भी बनाया. वीडियो में बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है. सुनील के मुताबिक, आग तेजी से फैलने के दौरान बस के अंदर से लोगों की आवाजें आ रही थीं और बाहर मौजूद यात्री उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि अंदर जाना मुश्किल हो गया था.

दिल्ली से महोबा जा रही थी बस

यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ. राज कल्पना ट्रैवल्स की बस संख्या BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी. बस में करीब 40 से 50 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है. आग लगने के बाद कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन 9 यात्री बाहर नहीं निकल सके.

राज कल्पना ट्रैवल्स की यह बस उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए चलती है. हादसे में 30 यात्रियों को पुलिस और बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद

हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

फिलहाल सुनील कुमार के बयान और उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे के दौरान ड्राइवर और कंडक्टर की भूमिका भी जांच के दायरे में है. आग किस वजह से लगी और यात्रियों की चेतावनी के बावजूद बस को समय रहते क्यों नहीं रोका गया, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे.

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.