ग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस बनी आग का गोला, यमुना एक्सप्रेसवे पर 35 यात्री सवार थे; अब तक 9 की मौत

0 23

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण हादसे में स्लीपर बस आग की चपेट में आ गई। बस में आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई यात्री झुलस गए हैं। जानकारी के मुताबिक बस में करीब 35 लोग सवार थे। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस नोएडा से आगरा जा रही थी। हादसा नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ।

चलती बस में अचानक लगी आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार

सामने आई जानकारी के मुताबिक, चलती टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई।

बस में आग लगने के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया था। यात्रियों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

‘गेट खटखटाने की आवाज से खुली आंख, चारों तरफ धुआं था’

हादसे के समय बस में मौजूद एक यात्री ने बताया कि वह सो रही थी, तभी किसी ने गेट खटखटाया। जागने पर बस में काफी भीड़ थी और लोग बाहर निकलने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे।

यात्री के मुताबिक, उसने अपना कोई सामान नहीं उठाया और सिर्फ फोन लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की। बाहर निकलने के दौरान किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। यात्री ने बताया कि चारों तरफ धुआं था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। कई लोग अंदर दम घुटने से परेशान थे और जो लोग भीड़ के बीच रास्ता बनाकर बाहर निकल सके, वही बच पाए।

‘सोते हुए जगाया और बताया कि बस में आग लग गई है’

एक अन्य यात्री ने बताया कि वह सो रहा था, तभी किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग बाहर निकलने के लिए भागे। यात्री के मुताबिक, बस में बहुत ज्यादा धुआं था और घबराहट के बीच किसी तरह बाहर निकलना पड़ा।

उसने बताया कि बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी और बाहर निकलना आसान नहीं था।

सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.