ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की मदद का ऐलान
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों और हादसे में घायल लोगों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
PM मोदी ने जताई हादसे पर संवेदना
PMO की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया। उन्होंने घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री की ओर से कहा गया कि मृतकों के परिवारों को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी।
सीएम योगी ने भी किया मुआवजे का ऐलान
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ग्रेटर नोएडा बस हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया।
30 लोगों को बस से सुरक्षित निकाला गया
हादसे के बाद पुलिस और बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान बस से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।