Bank Strike: 28 सितंबर से बैंक हड़ताल, उससे पहले सरकार का बड़ा फैसला! 25 सितंबर को ही खाते में आएगी सैलरी-पेंशन

0 25

नई दिल्ली: सितंबर के आखिरी दिनों में प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अहम फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय के तहत कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (CGA) ने सितंबर 2026 की सैलरी, मजदूरी और पेंशन 25 सितंबर को ही जारी करने की अनुमति दी है। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है बैंक हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और अन्य बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। सरकार की ओर से कर्मचारियों से हड़ताल पर नहीं जाने और लंबित मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की गई है।

अगर प्रस्तावित हड़ताल होती है तो महीने के आखिरी दिनों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। 30 सितंबर को बैंकों का अर्धवार्षिक वित्तीय समापन भी होना है, ऐसे में यह अवधि बैंकिंग व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

25 सितंबर को ही जारी होगी सैलरी और पेंशन

CGA के 23 सितंबर के ऑफिस मेमोरेंडम के मुताबिक, सितंबर 2026 का वेतन और मजदूरी 25 सितंबर, शुक्रवार को जारी की जा सकती है। यह व्यवस्था केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ रक्षा, डाक और दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों पर भी लागू होगी।

केंद्र सरकार के औद्योगिक कर्मचारियों की सितंबर की मजदूरी भी 25 सितंबर को एडवांस में जारी की जा सकती है। इसके अलावा केंद्रीय पेंशनभोगियों की सितंबर महीने की पेंशन भी 25 सितंबर को बैंक या पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) के जरिए जारी करने की व्यवस्था की गई है।

25 सितंबर का भुगतान माना जाएगा एडवांस

सरकार ने साफ किया है कि 25 सितंबर को जारी होने वाला वेतन, मजदूरी और पेंशन एडवांस भुगतान माना जाएगा। बाद में पूरे महीने की वास्तविक राशि तय होने पर यदि किसी तरह के समायोजन की जरूरत पड़ती है तो उसे अक्टूबर 2026 के वेतन से एडजस्ट किया जाएगा।

27 सितंबर रविवार को खुले रहेंगे सरकारी बैंक

बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने एक और कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

RBI ने बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी उस दिन संचालन की अनुमति दी है। यानी 26 सितंबर की निर्धारित छुट्टी के बाद 27 सितंबर को सरकारी बैंक खुले रहेंगे और इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल होगी।

इसलिए 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन सभी बैंकों के बंद रहने की स्थिति नहीं होगी।

RBI को भी दिए गए जरूरी निर्देश

CGA के आदेश में महीने के अंत में होने वाले भुगतान और अन्य जरूरी बैंकिंग लेनदेन को जहां संभव हो, पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक से भी इन निर्देशों की जानकारी सभी संबंधित भुगतान शाखाओं तक पहुंचाने को कहा गया है।

इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को ATM में पर्याप्त नकदी रखने और जरूरी बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

हड़ताल को लेकर सरकार और यूनियनों में बातचीत जारी

28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित बैंक हड़ताल को लेकर सरकार और बैंक यूनियनों के बीच बातचीत का दौर जारी है। वित्त मंत्रालय ने कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने की अपील की है। ऐसे में ग्राहकों को संभावित व्यवधान को देखते हुए 28 से 30 सितंबर के दौरान जरूरी शाखा आधारित बैंकिंग काम पहले निपटाने की सलाह दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.