Weather Alert: मानसून की विदाई से पहले कई राज्यों में बारिश का तांडव, UP-बिहार से पहाड़ों तक तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट

0 24

नई दिल्ली: मानसून अपने आखिरी पड़ाव में पहुंच चुका है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 25 सितंबर को करीब 15 राज्यों में बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का खतरा है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली-NCR में बादलों का डेरा, हल्की बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 25 सितंबर को ज्यादातर समय आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी में तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बौछार भी पड़ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर को दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में आंधी, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर तक बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में 25 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी और सीतापुर में भी हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला 27 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

बिहार में गरज-चमक के साथ तेज बारिश

बिहार के कई जिलों में 25 सितंबर को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में बारिश का दौर 26 सितंबर को भी जारी रहने की संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी मौसम बदलेगा

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है। हिमाचल प्रदेश में 25 सितंबर को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 26 सितंबर को कांगड़ा, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.