डेंगू केस मिलते ही 48 घंटे में होगी कार्रवाई, गौतमबुद्धनगर में संचारी रोग नियंत्रण को लेकर सख्ती; 12 अक्टूबर से चलेगा दस्तक अभियान

0 27

गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे अभियानों और गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डेंगू पॉजिटिव केस की सूचना उसी दिन देने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी चिकित्सालयों और पैथोलॉजी केंद्रों से डेंगू पॉजिटिव मरीजों की सूचना उसी दिन स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद संबंधित क्षेत्र में निर्धारित 48 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई और गतिविधियां सुनिश्चित की जाएंगी। संबंधित विभागों को मौके पर आवश्यक निरोधात्मक और नियंत्रणात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित प्राधिकरणों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियों और फॉगिंग नियमित रूप से प्रभावी तरीके से कराने के निर्देश दिए गए।

कूलर, टंकी और गमलों में पानी जमा न होने देने पर जोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार सोर्स रिडक्शन गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों और परिसरों में कूलर, फ्रिज, पानी की टंकी, गमले और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने दिया जाए।

जहां भी जलभराव या पानी जमा हुआ मिले, उसे तत्काल खाली कराया जाए। साथ ही लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

विभागों को माइक्रोप्लान समय पर देने के निर्देश

जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति किर्ति वर्मा ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और उनके स्तर से की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। सभी संबंधित विभागों को अपना माइक्रोप्लान निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

माइक्रोप्लान के आधार पर संबंधित विभागों और मॉनिटरिंग एजेंसियों की ओर से संचालित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान

दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक घर-घर जाकर संचारी रोगों से बचाव और रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक करेंगी। इस दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की सूचना जुटाने के साथ आवश्यक सर्वेक्षण और संबंधित डेटा की प्रविष्टि भी की जाएगी।

इस प्रक्रिया का उद्देश्य बुखार से पीड़ित लोगों की समय पर जांच, परीक्षण और उपचार सुनिश्चित करना है। जरूरत के अनुसार एंटोमोलॉजिकल सर्वे भी कराया जाएगा।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, उद्यान विभाग के साथ प्राधिकरणों, नगर पालिका और नगर पंचायतों समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.