शामली ने यूपी ट्रेड शो में पूरा किया 100% लक्ष्य! 10 कंपनियों के उत्पादों पर विदेशी खरीदारों की नजर, कैराना की मिठाइयों ने भी मचाई धूम
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामली की 10 कंपनियां अपने उत्पादों के साथ हिस्सा ले रही हैं। इनमें 10 साल से अधिक समय से निर्यात कर रही करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। ट्रेड शो में इन कंपनियों के उत्पाद विदेशी व्यापारियों का ध्यान खींच रहे हैं। वहीं रिटेल बिक्री की बात करें तो कैराना की साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स के स्टॉल पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
शामली ने ट्रेड शो के लिए निर्धारित लक्ष्य किया पूरा
यूपी ट्रेड शो में शामली से करियर व्हीलस प्राइवेट लिमिटेड, अमर स्प्लिंट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेजरिका प्राइवेट लिमिटेड, कैरा डाइम हेल्थ केयर एलएलपी, आरव एग्रो फूड्स, श्री आयुर्वेदिक संस्थान और अंकित हैंडलूम समेत अन्य कंपनियां शामिल हुई हैं। एक जनपद एक व्यंजन के तहत साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स की भी स्टॉल लगाई गई है।
जनपद शामली ने ट्रेड शो के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया है। यहां शामिल कंपनियों के उत्पादों को विदेशी व्यापारियों और अन्य आगंतुकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
पलंग तोड़ पेड़ा और बर्फी विदेशी मेहमानों को भा रही
साधु स्वीट्स के मालिक राकेश गर्ग ने बताया कि ट्रेड शो के पहले दिन से ही उनके स्टॉल पर ग्राहकों की भीड़ पहुंच रही है। स्टॉल पर कई तरह की मिठाइयां उपलब्ध हैं, लेकिन पलंग तोड़ बर्फी और पलंग तोड़ पेड़ा ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
राकेश गर्ग के मुताबिक प्रदेश सरकार की इस पहल के जरिए उनके उत्पादों का स्वाद विदेशी मेहमानों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि हाल नंबर 17 में वियतनाम, रूस, बेलारूस और ऑस्ट्रिया के विदेशी व्यापारी ठहरे हैं, जो भारतीय व्यंजनों को पसंद कर रहे हैं।
ट्रेड शो से स्थानीय कारोबार को मिला बड़ा मंच
शामली की कंपनियों और स्थानीय उत्पादों की ट्रेड शो में मौजूदगी से जिले के कारोबार को बड़े बाजार और विदेशी खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। एक ओर जहां निर्यात से जुड़े कारोबारी अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने रख रहे हैं, वहीं कैराना की पारंपरिक मिठाइयां भी देश-विदेश से आए आगंतुकों के बीच अपनी पहचान बना रही हैं।