यूपी ट्रेड शो में यूपी पुलिस का हाईटेक अंदाज! स्मार्ट पुलिसिंग देखने उमड़े 15 हजार से ज्यादा विजिटर्स, यू-फीड मशीन से रॉकेट लॉन्चर तक ने खींचा ध्यान

0 35

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस का हाईटेक स्टॉल देश-विदेश से पहुंचे विजिटर्स के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ट्रेड शो के हॉल नंबर चार में लगे पुलिस स्टॉल को पिछले तीन दिनों में 15 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। विदेशी मेहमानों के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से आए लोगों और युवाओं में यूपी पुलिस की स्मार्ट पुलिसिंग, तकनीकी उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था को करीब से समझने की दिलचस्पी नजर आ रही है।

साइबर ठगी से बचाव समझने में युवाओं की खास दिलचस्पी

पुलिस स्टॉल पर साइबर हेल्प डेस्क सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां उपनिरीक्षक छात्रों और युवाओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और इससे बचने के तरीकों की जानकारी दे रहे हैं। टेलीग्राम और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाली ठगी को लेकर भी युवाओं ने सवाल पूछे।

पुलिस की ओर से बताया गया कि यू-फीड मशीन के जरिए अपराधियों के मोबाइल से तुरंत डाटा निकाला जा सकता है, जिससे जांच में संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिलती है।

स्पीड राडार गन और ब्रीद एनालाइजर ने खींचा ध्यान

स्टॉल पर ब्रीद एनालाइजर और स्पीड राडार गन भी लोगों की उत्सुकता का कारण बने हुए हैं। डीजी डायल 112 विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 से ब्रीद एनालाइजर मशीन में कैमरे भी लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य वाहन चालकों की जांच के दौरान स्थिति को कैमरे में रिकॉर्ड करना है।

इसके अलावा बॉडी वार्न कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल को भी विजिटर्स ने करीब से देखा। लोगों को बताया गया कि इन तकनीकी उपकरणों के जरिए पुलिसिंग और निगरानी को किस तरह अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

रॉकेट लॉन्चर से अत्याधुनिक हथियारों तक दिखी पुलिस की ताकत

यूपी पुलिस के स्टॉल पर एटीएस और एसटीएफ के अत्याधुनिक हथियार भी प्रदर्शित किए गए हैं। डीजी डायल 112 ने बताया कि पुलिस के पास स्नाइपर राइफल्स, क्लोज क्वार्टर बैटल उपकरण, सामरिक संचार प्रणाली और बम निरोधक उपकरण मौजूद हैं।

स्टॉल पर डीआरडीओ निर्मित रॉकेट लॉन्चर भी प्रदर्शित किया गया है, जिसकी मारक क्षमता दो किलोमीटर तक बताई गई है। इसे देखने के लिए युवाओं में खास उत्साह नजर आया और उन्होंने इसकी तकनीकी खूबियों के बारे में जानकारी ली।

फायर फाइटिंग और रेस्क्यू रोबोट भी बने आकर्षण

पुलिस स्टॉल पर फायर फाइटिंग रोबोट और रेस्क्यू रोबोट भी प्रदर्शित किए गए हैं। इनका इस्तेमाल ऐसी जगहों पर किया जा सकता है, जहां आग या अन्य खतरे के कारण इंसानों का पहुंचना मुश्किल हो। बच्चों और अन्य आगंतुकों ने इन उपकरणों को करीब से देखा और इनके काम करने के तरीके को समझा।

स्टॉल पर पहुंचे छात्रों ने पुलिस की तकनीक और उपकरणों को करीब से देखने का अनुभव भी साझा किया। छात्र अमित ने कहा कि यूपी पुलिस को तकनीक और सुरक्षा के अलग-अलग क्षेत्रों में काम करते देखना उनके लिए उत्साहजनक अनुभव है।

स्मार्ट पुलिसिंग में साइबर सुरक्षा से महिला सुरक्षा तक फोकस

प्रस्तुति में पिछले साढ़े नौ वर्षों में पुलिसिंग में किए गए तकनीकी बदलावों और योजनाओं को भी दिखाया गया है। इनमें थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना, साइबर अपराध के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाना और महिला सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन, पिंक बूथ और मिशन शक्ति जैसी पहल शामिल हैं।

अपराधियों की पहचान और जांच को बेहतर बनाने के लिए सीसीटीवी नेटवर्क, आईटीएस प्रणाली और फोरेंसिक तकनीक के विस्तार की जानकारी भी स्टॉल पर दी जा रही है। संगठित अपराध से निपटने के लिए गैंगस्टर एक्ट और एनकाउंटर पॉलिसी के इस्तेमाल को भी पुलिसिंग व्यवस्था का हिस्सा बताया गया है।

यूपी पुलिस के स्टॉल पर दिख रही आधुनिक पुलिसिंग की तस्वीर

ट्रेड शो में लगा यूपी पुलिस का स्टॉल केवल उपकरणों और तकनीक का प्रदर्शन नहीं कर रहा, बल्कि पुलिसिंग में किए गए बदलावों की जानकारी भी विजिटर्स तक पहुंचा रहा है। स्मार्ट पुलिसिंग, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, निगरानी तकनीक, आधुनिक हथियार और रेस्क्यू उपकरणों को एक ही जगह देखने का मौका मिलने से देश-विदेश से आए लोगों में खास रुचि दिखाई दे रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.