गाजीपुर में यूपी का सबसे बड़ा स्वास्थ्य शिविर, 31 हजार से ज्यादा लोगों को मिली मुफ्त चिकित्सा सेवा

0 28

गाजीपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। लंका मैदान में आयोजित इस शिविर में करीब 100 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं दीं। तीन दिनों में लगभग 31,274 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और उपचार का लाभ उठाया। मरीजों को निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। जिन मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत पड़ी, उनके लिए आगे निशुल्क सर्जरी की व्यवस्था भी की गई है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया था उद्घाटन

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने किया था। यह शिविर 26, 27 और 28 सितंबर 2026 को गाजीपुर के लंका मैदान में आयोजित हुआ। आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया।

जानकारों के मुताबिक गुणवत्ता और मरीजों की संख्या के लिहाज से गाजीपुर में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर अब तक का सबसे बड़ा शिविर रहा। शिविर में देश के अलग-अलग प्रमुख अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच और उपचार किया।

अभिनव सिन्हा ने कराया निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन बीजेपी नेता और टेक्नोक्रैट अभिनव सिन्हा की ओर से कराया गया। बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले अभिनव सिन्हा ने बहुराष्ट्रीय कंपनी की नौकरी छोड़कर गाजीपुर में लोगों के बीच काम करने का फैसला किया। इसी पहल के तहत बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

AIIMS से लेकर मुंबई और वाराणसी के विशेषज्ञ डॉक्टर पहुंचे

शिविर में करीब 100 डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें AIIMS नई दिल्ली, जस्लोक अस्पताल मुंबई, अपोलो अस्पताल, हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज वाराणसी और ओरियाना अस्पताल वाराणसी के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल रहे।

मरीजों के लिए न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, एंडोक्राइनोलॉजी, डायबिटीज और न्यूरो-स्पाइन जैसी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की सुविधा भी दी गई।

15 हजार मरीजों का था शुरुआती लक्ष्य, संख्या पहुंची 31 हजार पार

आयोजकों की ओर से शुरुआत में करीब 15 हजार मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि तीन दिनों में लगभग 31,274 लोगों ने शिविर का लाभ लिया। अंतिम दिन करीब 12,096 लोगों की जांच और चिकित्सकीय सेवा की गई। जांच के बाद करीब 410 मरीजों को आगे सर्जरी के लिए रेफर किया गया।

500 मरीजों की निशुल्क सर्जरी कराने की तैयारी

स्वास्थ्य शिविर केवल जांच और बाह्य रोगी विभाग तक सीमित नहीं रहा। चिन्हित मरीजों के लिए 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में निशुल्क सर्जरी की व्यवस्था की गई है।

इस चरण में करीब 500 मरीजों की मुफ्त सर्जरी कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए रोटरी इंटरनेशनल का सहयोग भी लिया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.