UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में पश्चिमी मैदानी जोन का किसान मेला! मेरठ समेत 7 जिलों के प्रगतिशील किसानों ने लिया हिस्सा, FPO और डिजिटल बाजार पर हुई चर्चा

0 34

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत पश्चिमी मैदानी जोन स्तरीय एक दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया गया। एग्रोक्लाइमेटिक जोन स्तर के पश्चिम मैदानी जोन के जनपद स्तरीय इस किसान मेले का आयोजन यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के एक्सपो मार्ट में हुआ।

संयुक्त कृषि निदेशक ने किया किसान मेले का शुभारंभ

किसान मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त कृषि निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) एवं नोडल अधिकारी एफपीओ, उत्तर प्रदेश कृषि भवन लखनऊ संतोष राय और विशिष्ट अतिथि संयुक्त कृषि निदेशक, मेरठ मंडल मेरठ स्मिता वर्मा ने किया। इसके बाद अधिकारियों ने कृषि गोष्ठी और मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) मेरठ मंडल मेरठ, जिला कृषि अधिकारी मेरठ, भूमि संरक्षण अधिकारी बुलंदशहर सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

7 जिलों के प्रगतिशील किसानों ने लिया हिस्सा

किसान मेले में मेरठ मंडल के मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर के प्रगतिशील और अचीवर किसानों ने भाग लिया। उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और किसानों के हित में कराए गए कार्यक्रमों की प्रगति प्रस्तुत की।

FPO के जरिए किसानों को बाजार से जोड़ने पर जोर

परियोजना निदेशक (तकनीकी) नीरज सुब्रत ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में एफपीओ की महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने किसानों की फसलों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर उन्हें सीधे बाजार और बड़े खरीदारों तक पहुंचाने के बारे में बताया।

मेले में एफपीओ के उद्देश्य और लाभांश वितरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि व्यवसाय से होने वाले कुल लाभ का एक हिस्सा संगठन के विकास में लगाया जाता है, जबकि शेष हिस्से को किसानों के बीच लाभांश के रूप में बांटा जाता है।

ई-कॉमर्स के जरिए बेहतर बाजार और कीमत की जानकारी

ओएनडीसी के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने किसानों को ई-कॉमर्स के माध्यम से अपने उत्पाद सीधे स्टोरफ्रंट पर बेचने और बेहतर कीमत हासिल करने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से एफपीओ को ऑनलाइन भुगतान गेटवे, डिजिटल मार्केटिंग टूल्स और एकीकृत लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

उन्होंने किसानों की आय और आपूर्ति श्रृंखला की दक्षता बढ़ाने के लिए डिजिटल कॉमर्स अपनाने पर जोर दिया।

उपज का बेहतर मूल्य और लागत कम करने पर चर्चा

सिद्धार्थ गौतम ने किसानों को उनकी उपज का बाजार में सही और बेहतर मूल्य दिलाने, लागत कम करने तथा बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्रों की थोक में कम कीमत पर खरीद के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही सौदेबाजी की क्षमता बढ़ाने और बाजार में किसानों की सामूहिक ताकत मजबूत करने के विषय पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर ने जनपद और विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों की अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी के लिए उनका धन्यवाद किया और उन्हें तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.