लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, तीन मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक; 33 कमरों में रहते थे 300 मजदूर

0 28

लखनऊ: लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में बने लेबर कैंप में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीन मंजिला अस्थायी बिल्डिंग पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठ रही थीं, जबकि धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने के दौरान बिल्डिंग में रह रहे कई मजदूर बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ मजदूरों के सामान के जलने की बात सामने आई है।

टर्मिनल से 250 से 300 मीटर दूर थी बिल्डिंग

जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित थी। इसे मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी तौर पर PVC यानी प्लास्टिक सामग्री से बनाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, प्लास्टिक से बनी होने के कारण आग ने तेजी से पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।

33 कमरों में रहते थे करीब 300 मजदूर

तीन मंजिला लेबर कैंप की इस बिल्डिंग में करीब 33 छोटे कमरे बनाए गए थे। इनमें लगभग 300 मजदूर रहते थे। बताया गया है कि ये सभी मजदूर एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं।

आग लगने के बाद कई मजदूर किसी तरह बिल्डिंग से बाहर निकले। सीतापुर निवासी मजदूर रामपाल ने बताया कि वह नाइट ड्यूटी के बाद सो रहा था। नीचे के फ्लोर पर आग लगी और देखते ही देखते कई कमरे जलने लगे। ऊपर के कमरे में होने के कारण वह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन उसके कपड़े और पैसे जल गए।

छह दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में बुझाई आग

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे लोगों ने भीषण आग और उठते धुएं के वीडियो बनाए।

शुरुआती जानकारी के अनुसार आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से बिल्डिंग और वहां रखा मजदूरों का सामान जल गया।

विमानों के संचालन पर नहीं पड़ा असर

लेबर कैंप में आग एयरपोर्ट टर्मिनल से कुछ दूरी पर लगी थी। यही वजह रही कि विमानों के संचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। संबंधित टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.