ज्ञानेश कुमार के घर पहुंची कलश यात्रा, गंगाजल से हुआ शुद्धिकरण; पिता बोले- “कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर गंदा किया था”

0 20

आगरा: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर स्थित पैतृक आवास पर मंगलवार को गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की ओर से शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राधा-कृष्ण मंदिर से पीले वस्त्र पहने महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, जो शंखनाद और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि के बीच ज्ञानेश कुमार के घर पहुंची। इसके बाद उनकी मां सत्यवती ने गंगाजल का छिड़काव कर घर का शुद्धिकरण किया और घर के बाहर सुंदरकांड का पाठ शुरू किया गया।

28 सितंबर के प्रदर्शन के बाद कराया गया शुद्धिकरण

सीईसी की मां सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कुछ लोग उनके घर के बाहर आए थे और उन्होंने घर को गंदा किया था। उन्होंने बताया कि शांति और शुद्ध वातावरण के लिए यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा के दौरान लगातार शंख और घंटे बजते रहे। इसके बाद सुंदरकांड की पुस्तक को माथे से लगाकर पाठ शुरू किया गया।

ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने उनके घर को गंदा किया था। उसी स्थान की सफाई और शुद्धिकरण के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य झूठ को झूठ और सत्य को सत्य रहने देना है।

माता-पिता की खुशहाली और दीर्घायु के लिए भी आयोजन

कार्यक्रम की संयोजक उपमा गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले घर को अशुद्ध किया गया था, इसलिए शुद्धिकरण के लिए कलश यात्रा निकाली गई। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश मामा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य शांतिपूर्ण और धार्मिक वातावरण में घर की शुद्धि के साथ ज्ञानेश कुमार के वृद्ध माता-पिता के स्वास्थ्य, खुशहाली और दीर्घायु की कामना करना है।

कार्यक्रम में विनोद गुप्ता सर्राफ (गुरुजी), मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता समेत महासभा के पदाधिकारी और सकल वैश्य समाज के लोग मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं पर कालिख पोतने और प्रदर्शन का आरोप

ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर पर बीते दिनों कांग्रेस नेताओं द्वारा कालिख पोतने और प्रदर्शन करने की बात सामने आई थी। इस मामले में गिरफ्तार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्थानीय अदालत से जमानत मिल चुकी है।

ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता ने पिछले दिनों हुए कांग्रेस के प्रदर्शन को अराजकता बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को निशाना बनाने के उद्देश्य से यह प्रदर्शन किया गया, लेकिन सच सभी जानते हैं।

दिल्ली में भी एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ बुधवार को दिल्ली में भी प्रदर्शन हुआ। आइएनडीआइए गठबंधन के दिल्ली के घटक दलों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर संयुक्त विरोध प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, माकपा, राजद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.