नाना पाटेकर के निधन से सदमे में सिनेमा जगत, PM मोदी बोले- ‘हर किरदार में दिखी उनकी अलग छाप’, अमित शाह और शरद पवार ने भी जताया दुख

0 23

नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने नाना पाटेकर को ऐसा कलाकार बताया, जिनकी स्क्रीन पर दमदार मौजूदगी, तीव्रता और अनोखापन बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि नाना अपनी हर भूमिका में अलग रंग और रचनात्मकता लेकर आते थे और उनके निभाए कई किरदार पीढ़ियों तक याद किए जाएंगे।

पीएम मोदी ने बेबाक अंदाज और शानदार अभिनय को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के विचार बेहद बेबाक और स्पष्ट थे। वह अपनी बात रखने में कभी हिचकिचाते नहीं थे।

पीएम मोदी ने कहा कि हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर का योगदान बहुत बड़ा रहा। उनके निधन को उन्होंने ऐसी कमी बताया, जिसे लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

अमित शाह बोले- पांच दशक से अधिक समय तक दर्शकों के दिलों पर छोड़ी छाप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी नाना पाटेकर के निधन को कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने नाना पाटेकर के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि पांच दशकों से अधिक समय तक नाना ने अपनी स्वाभाविक अभिनय शैली और दमदार संवाद अदायगी से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।

अमित शाह ने कहा कि चाहे गंभीर सामाजिक मुद्दों से जुड़े किरदार हों या हास्य-व्यंग्य, नाना ने हर भूमिका में जान डाल दी। उन्होंने अभिनय के साथ सामाजिक कार्यों का भी जिक्र किया।

किसानों से लेकर सैनिकों तक, सामाजिक सरोकारों को भी याद किया

अमित शाह ने कहा कि ‘नाम फाउंडेशन’ के जरिए सूखे से प्रभावित किसान परिवारों की मदद करना हो या सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए सीमा पर जाना, नाना पाटेकर शोहरत की ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद भी अपनी जड़ों से जुड़े रहे।

उन्होंने कहा कि जब भी नाना से उनकी मुलाकात हुई, उनकी सादगी और स्पष्टवादिता ने हमेशा गहरा प्रभाव छोड़ा। अमित शाह ने उनके परिवार और प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।

शरद पवार बोले- भारतीय सिनेमा के असाधारण दौर का हुआ अंत

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के निधन की खबर दिल तोड़ने वाली है। उनके जाने के साथ भारतीय सिनेमा के एक असाधारण, संवेदनशील और प्रभावशाली दौर का अंत हो गया।

शरद पवार ने नाना की दमदार अदाकारी, संवाद बोलने के अनोखे अंदाज और हर किरदार को सहजता से निभाने की क्षमता को याद किया। उन्होंने कहा कि नाना ने दर्शकों के दिलों पर हमेशा के लिए अमिट छाप छोड़ी।

‘परिंदा’ से ‘वेलकम’ तक यादगार रहे नाना के किरदार

शरद पवार ने नाना पाटेकर की कई चर्चित फिल्मों का भी जिक्र किया। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘अब तक छप्पन’, ‘वेलकम’ और ‘नटसम्राट’ जैसी फिल्मों में दर्शकों ने उनके अभिनय के अलग-अलग रंग देखे।

उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर की अदाकारी, उनके विचार और सामाजिक कार्यों से जुड़ी उनकी विरासत हमेशा याद की जाती रहेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.