लखनऊ कांड का CCTV खुलासा: श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नीचे गिरा था शिवा शर्मा, पुलिस ने तेज की आरोपियों की तलाश

0 26

लखनऊ: चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नीचे गिरने का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले में नए सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसके ड्राइवर आमिर और दानिश समेत अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में हुई इस घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद आरोपियों ने आपस में संपर्क किया और शहर से बाहर जाने की कोशिश की। अब उन लोगों की भी भूमिका जांच के दायरे में है, जिन्होंने आरोपियों को छिपने या फरार होने में मदद की।

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि शिवा शर्मा जब ऊंचाई से नीचे गिरते हैं तो सड़क से गुजर रहा एक राहगीर अचानक रुक जाता है। गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ते हैं। इसके बाद घायल कारोबारी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया था।

श्रद्धा दुबे के बैकग्राउंड और संपर्कों की जांच

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के पुराने रिकॉर्ड और उसके संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्रद्धा को ग्लैमर की दुनिया में रुचि थी और वह मॉडलिंग से जुड़ी हुई थी।

बताया जा रहा है कि पति ने उसे हैदराबाद से एक्टिंग का कोर्स कराया था। इसके बाद वह लखनऊ आई और मॉडलिंग के साथ हाई-प्रोफाइल लोगों से संपर्क बढ़ाने लगी।

पुलिस अब श्रद्धा के पुराने मुकदमों, बैंक खातों के लेनदेन और संदिग्ध संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

रसूख और ब्लैकमेलिंग के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि श्रद्धा पिछले चार महीने से शिवा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और उसे ब्लैकमेल करती थी।

परिवार का दावा है कि श्रद्धा अपने प्रभावशाली संपर्कों का हवाला देकर शिवा पर दबाव बनाती थी और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि श्रद्धा शिवा की गतिविधियों पर नजर रखती थी। आरोप है कि वह उसकी लोकेशन का पता लगाकर वहां पहुंच जाती थी और विवाद करती थी।

हत्या का मुकदमा दर्ज, पांच लोग जांच के घेरे में

लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 9 अक्टूबर को 28 वर्षीय कारोबारी शिव शर्मा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी।

मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन, ड्राइवर और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, फ्लैट से कुछ संदिग्ध सामान और चैट्स भी बरामद किए गए हैं। अब इन सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

पुलिस टीमों ने सोमवार को श्रद्धा दुबे, आमिर और दानिश के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस का फोकस अब आरोपियों को पकड़ने के साथ-साथ घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने पर है।

जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि घटना के समय फ्लैट में कौन-कौन मौजूद था और शिवा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.