जानवरों की आवाज निकालकर घरों में करते थे चोरी, यूपी पुलिस ने गैंग के 6 सदस्यों को दबोचा; सोने-चांदी के गहने बरामद

0 22
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो वारदात के दौरान पशु-पक्षियों की आवाज निकालकर एक-दूसरे को संकेत देता था। कागारौल थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 9 हजार रुपये और बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा टीयूवी-300 गाड़ी बरामद हुई है।

एकांत में बने मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य गांवों के बाहर या सड़क किनारे सुनसान जगहों पर बने मकानों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान वे जानवरों और पक्षियों की आवाज निकालकर एक-दूसरे को सतर्क करते थे, ताकि आसपास के लोगों को उनकी गतिविधियों पर शक न हो। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी सदस्य चोरी का सामान अपने ठिकाने पर ले जाकर आपस में बांट लेते थे।

नहर किनारे घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

गुरुवार रात कागारौल पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने नगला परमाल के पास नहर किनारे शंकरपुर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर कागारौल क्षेत्र के नगला परमाल, अछनेरा थाना क्षेत्र के झरौठी और किरावली थाना क्षेत्र के गोपऊ गांव में चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।

सोने-चांदी के आभूषण और गाड़ी बरामद

एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने का एक हार, चार अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो जोड़ी टॉप्स और दो जोड़ी कुंडल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चांदी की चार जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछुए, 9 हजार रुपये और बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा टीयूवी-300 गाड़ी भी मिली है।

गिरफ्तार आरोपियों में एक पर 15 से अधिक मुकदमे

पुलिस ने मीर हसन और सरमीन निवासी शाहजहांपुर, हुसैन खान और जीन खान निवासी बदायूं, अंकित जाटव निवासी बरेली और इलियास निवासी बदायूं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सरमीन के खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अन्य वारदातों की भी जांच कर रही पुलिस

क्षेत्र में लगातार चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की थी। गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.