यूपी में 200 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में कांग्रेस, प्रियंका गांधी की बैठक में गठबंधन पर भी बनी रणनीति

0 31

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने फिलहाल 200 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करने का फैसला किया है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के साथ हुई बैठक में यह रणनीति तय की गई। हालांकि, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन का विकल्प भी खुला रखा जाएगा।

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम लगातार गठबंधन में बराबरी और समानता की बात कर रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 50 से 55 सीटें दिए जाने की चर्चा सामने आ रही है। दोनों दलों के बीच गठबंधन पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा।

इस मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पहले भी बयान दे चुके हैं। सोमवार की बैठक में कांग्रेस ने उन सीटों की सूची तैयार करने की रणनीति पर चर्चा की, जहां पार्टी को जीत की संभावना नजर आती है।

प्रियंका गांधी की बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन

दिल्ली में हुई बैठक में प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद मौजूद रहे। बैठक में उन विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई, जहां कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत मानती है।

नेताओं ने चुनावी तैयारियों के साथ समाजवादी पार्टी से संभावित सीट बंटवारे और संगठन के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए संगठन में बदलाव की तैयारी भी कर रही है।

दिल्ली की रैली में यूपी से जुटेंगे 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता

कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने जा रही है। वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस रैली में उत्तर प्रदेश से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रियंका गांधी ने प्रदेश के नेताओं को निर्देश दिए हैं कि रैली में उत्तर प्रदेश से कम से कम 25 हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। रैली के बाद कांग्रेस प्रदेश में चुनावी माहौल बनाने पर जोर देगी। इसके साथ ही संगठन में बदलाव की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.