लखनऊ के सदर गोला बाजार में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, ई-स्कूटी शोरूम की 8 गाड़ियां जलीं; बर्तन की दुकान को भी भारी नुकसान

0 23

लखनऊ: कैंट क्षेत्र के सदर गोला बाजार में बुधवार रात ई-स्कूटी के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं, जिससे वहां रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में शोरूम में खड़ी आठ ई-स्कूटी जल गईं। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है।

रात करीब सवा आठ बजे शोरूम में लगी आग

कैंट के सदर गोला बाजार में छोटी लालकुर्ती निवासी सरला यादव का ई-स्कूटी शोरूम है। बुधवार रात करीब 8:15 बजे अचानक शोरूम में आग लग गई। आग देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब 20 मिनट बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

बगल की बर्तन दुकान भी आग की चपेट में आई

शोरूम में लगी आग की लपटें पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं और वहां भी आग लग गई। स्थिति गंभीर होने पर दमकल विभाग ने तीन और गाड़ियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान तेज किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

इस दौरान शोरूम में खड़ी आठ ई-स्कूटी पूरी तरह जल गईं। वहीं, बर्तन की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। दोनों दुकानों में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया है।

बाजार की बिजली काटी गई, दुकानदारों में मची अफरा-तफरी

आग लगने के समय सदर गोला बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। अचानक उठती लपटों को देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपने सामान और दुकानों को सुरक्षित करने में जुट गए। इस बीच विद्युत निगम को भी सूचना दी गई, जिसके बाद एहतियातन संबंधित क्षेत्र की बिजली काट दी गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि ई-स्कूटी शोरूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.