यूपी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसे, 16 लोगों की मौत और 28 घायल; तीन अब भी लापता, कहीं डूबने तो कहीं करंट ने ली जान

0 28

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पिछले 24 घंटों में हुए अलग-अलग हादसों में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। गोंडा, फतेहपुर, प्रयागराज और बस्ती में नदी-तालाब में डूबने से 10 लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। गोरखपुर में बिजली का करंट लगने से तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, सड़क हादसों में भी तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। इन घटनाओं के बाद कई इलाकों में शोक का माहौल है।

गोंडा में पांच युवकों को बचाने नदी में कूदे किसान की भी मौत

गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से सुमित, रामविलास और अभिषेक तिवारी की मौत हो गई। बताया गया कि पांच युवकों को बचाने के लिए किसान तुलाराम शुक्ल भी नदी में कूद गए थे। वह भी डूब गए। बुधवार सुबह उनका शव बरामद किया गया।

फतेहपुर के तालाब में तीन की मौत, तीन लोग लापता

फतेहपुर के खांभा तालाब में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में अभिमन्यु यादव, राजन साहू और आदित्य कुमार साहू की जान चली गई। इस घटना में तीन लोग लापता बताए गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

प्रयागराज में टोंस नदी में डूबने से राहुल पांडेय और उनके चाचा अमित कुमार पांडेय की मौत हो गई। वहीं, बस्ती में मनोरमा नदी में स्नान करते समय एक युवक की डूबने से जान चली गई।

गोरखपुर में करंट लगने से तीन युवकों की मौत, नौ घायल

गोरखपुर के रजही चौराहे पर प्रतिमा लेकर जा रही ट्रॉली का ढांचा बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे करंट फैल गया और 12 लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में लकी, विक्की और चंदन की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज रोड पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने मामले में लापरवाही के आरोप में दो सिपाहियों और एक अवर अभियंता को निलंबित कर दिया। वहीं, लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी गई।

गोंडा-अयोध्या हाईवे पर टक्कर, दो युवकों की मौत

गोंडा-अयोध्या हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉला और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, अयोध्या में प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे रामधनी निषाद की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से जान चली गई।

रायबरेली में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार श्रद्धालु झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

भदोही में पटाखों से भरे झोले में विस्फोट, 15 घायल

भदोही के चौरी बाजार में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखों से भरे एक झोले में विस्फोट हो गया। इस घटना में 15 लोग घायल हो गए। विसर्जन के दौरान हुए इन हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और लापता लोगों की तलाश से जुड़ी कार्रवाई की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.