जामिया में 20 साल बाद छात्रसंघ चुनाव का रास्ता साफ, 15 दिन के भीतर मतदान कराने का ऐलान

0 23

नई दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार, 26 अक्टूबर को समाप्त हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। इसके बाद छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। प्रशासन के फैसले के मुताबिक, छात्रसंघ के गठन को मंजूरी मिलने के 15 दिन के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेने और सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए समिति गठित करने पर भी सहमति बनी है।

छात्रों की तीन मांगों पर प्रशासन की सहमति

जामिया प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर लिखित आदेश जारी किया है। इसमें छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, आंदोलन के दौरान जारी किए गए निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस लेने तथा सुरक्षा कर्मचारियों के कामकाज की जांच के लिए समिति बनाने का फैसला शामिल है। छात्र लंबे समय से चुनाव कराने और परिसर में प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे।

15 दिन के भीतर होंगे छात्रसंघ चुनाव

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्रसंघ के गठन को मंजूरी मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस फैसले को छात्रों के आंदोलन की प्रमुख मांग पूरी होने के रूप में देखा जा रहा है। जामिया में करीब 20 साल बाद छात्रसंघ चुनाव कराने का रास्ता साफ होने से परिसर की छात्र राजनीति में नई गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

छात्रों के खिलाफ कार्रवाई वापस लेने पर भी फैसला

प्रदर्शन के दौरान जिन छात्रों को निलंबित किया गया था या जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, उन्हें वापस लेने पर प्रशासन सहमत हो गया है। इसके अलावा आंदोलन के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। इन फैसलों के बाद छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी।

समझौते के तहत प्रदर्शन में शामिल छात्रों की ओर से यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के दौरान दिए गए किसी भी अपमानजनक बयान या कार्रवाई के लिए वे प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे। संबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया से हटाने की बात भी कही गई है। इस व्यवस्था को रिकॉर्ड में लेते हुए इसके पालन की निगरानी किए जाने का उल्लेख किया गया है।

रविवार को जामिया परिसर में हुआ था हंगामा

छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर रविवार को जामिया परिसर में तनाव की स्थिति बन गई थी। जानकारी के मुताबिक, शाम करीब साढ़े छह बजे गालिब स्टैच्यू लॉन में सुरक्षा गार्ड की वर्दी पहने एक संदिग्ध युवक पहुंचा और कथित तौर पर ‘फ्री कश्मीर’ के नारे लगाने लगा। वहां मौजूद छात्रों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक ने खुद को गाजियाबाद का निवासी और डिलीवरी कर्मी बताया। वह ब्लिंकिट के लिए काम करता है। पुलिस ने उससे पूछताछ की।

गेट नंबर-7 के बाहर भी प्रदर्शन, छह लोग हटाए गए

परिसर के बाहर गेट नंबर-7 पर भी आंदोलन के समर्थन में नारेबाजी और हंगामा हुआ। इस दौरान पुलिस ने करीब छह प्रदर्शनकारियों को मौके से पकड़कर वहां से हटाया। रविवार की घटनाओं के बाद सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.