गौतमबुद्धनगर में किसानों ने देखा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने का सीधा प्रसारण

0 44

गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का शुक्रवार को जनपद में सजीव प्रसारण किया गया। गुजरात के बनासकांठा में आयोजित प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से किस्त जारी किए जाने का कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दिखाया गया। इस अवसर पर विकास भवन सहित जिले के तीनों विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें किसानों और कृषि विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया।

विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भाल चन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम हुआ। इसमें उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

जेवर, दादरी और बिसरख में भी हुए कार्यक्रम

इसी क्रम में जिले के तीनों विकास खंडों जेवर, दादरी और बिसरख में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित खंड विकास अधिकारियों ने की। यहां किसानों और विभागीय कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जानकारी

उप कृषि निदेशक विवेक दुबे ने कार्यक्रम में शामिल प्रगतिशील किसानों का स्वागत किया और उनकी सहभागिता के लिए आभार जताया। इस दौरान किसानों को कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों और विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.