दिल्ली में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा: हाथ में ही फट गया अनार, 10 साल के मासूम की मौत; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान पटाखे से हुए हादसे में 10 साल के बच्चे की जान चली गई। बच्चा घर के सामने हाथ में पकड़कर अनार जला रहा था, तभी अचानक पटाखा उसके हाथ में ही फट गया। विस्फोट के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाथ में अनार फटने से छाती पर लगी गंभीर चोट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना 8 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे हुई। नरेला में अपने घर के सामने 10 वर्षीय बच्चा हाथ में अनार लेकर उसे जला रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक फट गया और विस्फोट से बच्चे की छाती पर गंभीर चोट आई। जलने और चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात करीब 10:50 बजे अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई कि बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नरेला की रबर फैक्ट्री में भी लगी भीषण आग
दिवाली की रात दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की एक अन्य घटना भी सामने आई। यहां एक रबर फैक्ट्री में आग भड़क उठी। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, रविवार रात करीब 8:33 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की सात गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया।
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घटनास्थल पर आग पूरी तरह बुझाने और गर्म स्थानों को ठंडा करने के लिए शीतलन अभियान भी चलाया गया।
फैक्ट्री की आग में कोई हताहत नहीं, मुंबई में भी कई घटनाएं
रबर फैक्ट्री में आग लगने की घटना में राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, मुंबई में भी दिवाली की रात आग लगने की कई घटनाएं दर्ज की गईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में 25 से अधिक आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें अंधेरी, डोंगरी, कांदिवली और विद्याविहार जैसे इलाके शामिल हैं।