7 कट्ठा जमीन के लिए परिवार में ऐसा बढ़ा विवाद कि एक साथ 4 लोगों ने खाया जहर, मां-पत्नी और बेटे की मौत

0 8

हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले के प्रेमराज गांव में जमीन बेचने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहर खा लिया। इस घटना में राहुल कुमार की मां, पत्नी और 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।

7 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री के बाद घर में शुरू हुआ विवाद

यह मामला हाजीपुर के गोरौल थाना क्षेत्र स्थित प्रेमराज गांव का है। मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार लगातार अपनी जमीन बेच रहा था। बीते शनिवार को उसने सात कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री कर दी थी। परिवार के अन्य सदस्यों को जब इसकी जानकारी मिली तो घर में विवाद शुरू हो गया।

बताया जाता है कि राहुल की पत्नी सीमा देवी जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी नकल लेकर आई थीं। इसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। विवाद के बाद राहुल घर छोड़कर चला गया। इसके कुछ समय बाद परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया।

मां, पत्नी और 12 साल के बेटे की मौत

इस घटना में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल कुमार की मां निर्मला देवी (55), पत्नी सीमा देवी (35) और बेटे मुन्ना कुमार (12) के रूप में हुई है। वहीं, उसकी 15 वर्षीय बेटी ऋषिका की हालत गंभीर बनी हुई है।

जहर खाने के बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। ऋषिका को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया जा रहा है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से प्रेमराज गांव में शोक का माहौल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.