21 नवंबर को लखनऊ आएंगे पीएम मोदी, पहली बार दिल्ली से बाहर होगा कौशल दीक्षा समारोह; 64 आईटीआई टॉपर्स को करेंगे सम्मानित

0 28

लखनऊ: विधानसभा चुनाव की बढ़ती राजनीतिक सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को लखनऊ दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षा समारोह में शामिल होंगे और देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने भी निरीक्षण किया है।

पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित होगा समारोह

कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से हर साल देशभर के आईटीआई के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ यह आयोजन अब तक दिल्ली के विज्ञान भवन में होता रहा है। पहली बार समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ को चुना गया है।

40 ट्रेड और छह जोन के 64 टॉपर्स को मिलेगा सम्मान

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले समारोह में देशभर के 40 ट्रेड और छह जोन के करीब 64 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के छह विद्यार्थी भी शामिल हैं। कार्यक्रम में देशभर की विभिन्न आईटीआई के करीब 1,500 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.