लखनऊ में 22 दिन में होंगी 25 हजार शादियां, 25% तक बढ़ा बजट; होटल से लेकर बैंड-बाजे तक के रेट में उछाल

0 21

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी में 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। अगले 22 दिनों के भीतर शहर में करीब 25 हजार शादियां होने का अनुमान है। सहालग को लेकर होटल, मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग, ज्वैलरी और डेकोरेशन से जुड़े कारोबारियों के यहां बुकिंग का दबाव बढ़ गया है। कई प्रमुख विवाह स्थलों पर पहले ही जगह उपलब्ध नहीं है। हालांकि, महंगाई ने इस बार शादी का बजट भी बढ़ा दिया है। पिछले सीजन के मुकाबले परिवारों को करीब 25 फीसदी तक अधिक खर्च करना पड़ सकता है।

खाद्य सामग्री, सब्जियों और मसालों की कीमतें बढ़ने से कैटरिंग की प्लेट 100 रुपये तक महंगी हो गई है। अब खाने की प्रति प्लेट का खर्च करीब 700 से 900 रुपये तक पहुंच गया है। फूलों और लाइटिंग की सजावट के दाम में 30 से 40 फीसदी, जबकि बैंड-बाजा और डीजे की दरों में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।

इस सीजन में विवाह के लिए 13 शुभ मुहूर्त

इस बार विवाह के लिए कुल 13 शुभ मुहूर्त बताए गए हैं। नवंबर में 20, 21, 24, 25, 26 और 30 तारीख को विवाह के विशेष योग हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को शादियां होंगी।

इन शुभ तारीखों के अलावा तिलकोत्सव, सगाई, हल्दी-मेहंदी और रिसेप्शन जैसे कार्यक्रमों के चलते भी शहर के मैरिज गार्डन और बैंक्वेट हॉल में रौनक रहेगी। कई परिवारों ने एक ही लॉन में लगातार दो से तीन दिनों के कार्यक्रमों की बुकिंग करा रखी है।

1500 होटल और 3 हजार मैरिज लॉन में बुकिंग का दबाव

शादियों की बंपर बुकिंग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लखनऊ के करीब 1,500 छोटे-बड़े होटल और लगभग 3,000 मैरिज लॉन व कम्युनिटी सेंटरों में प्रमुख तारीखों के लिए जगह मिलना मुश्किल हो गया है। आलमबाग, गोमतीनगर, इंदिरानगर, कानपुर रोड, सीतापुर रोड और अयोध्या रोड के प्रमुख विवाह स्थल महीनों पहले ही बुक हो चुके हैं।

वेन्यू, डेकोरेशन और कैटरिंग पर सबसे ज्यादा खर्च

उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार के मुताबिक, गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और बलरामपुर गार्डन जैसे स्थलों पर शादी का खर्च करीब 10 से 15 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। विवाह समारोह में सबसे बड़ा खर्च आयोजन स्थल, सजावट और खाने-पीने पर होता है।

उन्होंने बताया कि अच्छे होटल या मैरिज लॉन में 500 मेहमानों के खाने का खर्च करीब 8 से 12 लाख रुपये तक हो सकता है। इसके अलावा दुल्हन के सोने के सेट, चूड़ियां और अंगूठी के साथ दूल्हे की चेन व अंगूठी पर भी करीब 10 से 12 लाख रुपये खर्च होते हैं।

कपड़ों की बात करें तो दुल्हन का लहंगा 50 हजार से 2 लाख रुपये तक और दूल्हे की शेरवानी 30 हजार से एक लाख रुपये तक में मिल रही है।

ब्राइडल मेकअप के पैकेज 15 हजार से एक लाख रुपये तक

शादी के लिए दूल्हा-दुल्हन के मेकओवर की बुकिंग भी तेजी से हो रही है। ब्यूटी पार्लर और सैलून में ब्राइडल मेकअप के पैकेज 15 हजार से एक लाख रुपये तक में बुक किए जा रहे हैं। दुल्हनों के लिए लहंगे, साड़ियों और ज्वैलरी की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के गहनों की मांग बढ़ गई है।

वेडिंग प्लानर अमित अरोड़ा के मुताबिक, इस सीजन में कैटरिंग, ज्वैलरी, डेकोरेशन, कपड़े, मेकअप और टेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 5,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

बैंड-बाजा, घोड़ा-बग्घी और डीजे की एडवांस बुकिंग फुल

बारात की तैयारियों में बैंड-बाजा, घोड़ा-बग्घी और डीजे संचालकों की भी खूब मांग है। प्रमुख बैंड पार्टियों और डीजे संचालकों के पास एडवांस बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। कई बैंड पार्टियों ने इस सीजन में अपनी दरें 20 से 30 फीसदी तक बढ़ा दी हैं। इसके बावजूद बुकिंग की मांग में कमी नहीं आई है।

एक नजर में शादी के सीजन का कारोबार

  • लखनऊ में करीब 3,000 मैरिज लॉन और कम्युनिटी सेंटर
  • शहर में लगभग 1,500 छोटे-बड़े होटल
  • होटल और लॉन के शुल्क में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी
  • नाश्ते और भोजन की दरों में 20 से 25 फीसदी तक इजाफा
  • शादी के इस सीजन में करीब 5,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.