‘राजा भैया का जलवा पहले भी था, आगे भी रहेगा…’ बृजभूषण सिंह के इस बयान के क्या हैं मायने? रामकथा के मंच से कही बड़ी बात

0 11

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में आयोजित रामकथा में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का दबदबा पहले भी था और आगे भी रहेगा। उनके पिता का भी इलाके में दबदबा रहा है। इस दौरान बृजभूषण ने रामकथा में आमंत्रित करने के लिए राजा भैया का आभार जताया और सनातन धर्म की परंपरा पर भी अपनी बात रखी।

‘हमारा इतिहास सतयुग से शुरू होता है’

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें बाबा बागेश्वर के साथ इस पवित्र भूमि और यहां की जनता के दर्शन करने का अवसर मिला है। सनातन धर्म का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसी की दया पर निर्भर नहीं है। इसका इतिहास सतयुग से शुरू होता है।

उन्होंने कहा कि सतयुग में भी सनातन को मिटाने की कोशिश हुई थी। त्रेता और द्वापर में भी ऐसे प्रयास किए गए और कलयुग में भी यह सिलसिला जारी है। इसके बावजूद सनातन हर युग में मौजूद रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अपना इतिहास नहीं मिलता, उन्हें अपना इतिहास खुद खोजना चाहिए। बृजभूषण के मुताबिक, उन्होंने अपना इतिहास खोज लिया है।

रामकथा के विरोध की बात सुनकर कुंडा पहुंचे बाबा रामदेव

रामकथा में योग गुरु बाबा रामदेव ने बताया कि कुंडा विधायक राजा भैया ने उन्हें कथा में आने का निमंत्रण दिया था। शुरुआत में उन्होंने गोंडा जाने की बात कही थी, लेकिन इसी दौरान उन्हें पता चला कि कुछ लोग रामकथा का विरोध कर रहे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कुंडा आने का फैसला किया।

बाबा रामदेव ने कहा कि वह अकेले नहीं आए हैं, बल्कि अपने साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविंद्र पुरी और अन्य संतों को भी लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने संत परंपरा के प्रमुख महापुरुष हरि चैतन्य महाराज के भी साथ आने की जानकारी दी। बाबा रामदेव ने कथा स्थल पर जुटी भीड़ को प्रेम और आस्था का प्रभाव बताया। उन्होंने निशिकांत दुबे और अश्विनी उपाध्याय को भी मंच पर बुलाया।

राजा भैया बोले- पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बनेंगे भारत के नागरिक

रामकथा के मंच से मुख्य यजमान और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया ने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को प्रणाम करने के बाद पाकिस्तानी हिंदू भाई-बहनों का अभिवादन किया।

राजा भैया ने कहा कि पाकिस्तान में हिंदू परिवारों ने लंबे समय तक यातनाएं झेली हैं, लेकिन इसके बावजूद वे अपने धर्म पर अडिग रहे। उन्होंने हनुमान जी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके बुरे समय का अंत होगा और वे भारत के नागरिक बनेंगे। उन्होंने उनके सुखमय जीवन की कामना भी की।

इस दौरान राजा भैया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, सांसद निशिकांत दुबे, विधायक अभय सिंह, विधायक राकेश सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, बाबागंज विधायक विनोद सरोज, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह, यशपाल और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय का भी मंच से अभिवादन किया।

‘यह उत्सव नहीं, सनातन जागरण का महोत्सव है’

कथाव्यास धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बेंती में आयोजित रामकथा को सनातन जागरण का महोत्सव बताया। उन्होंने कहा कि एक ओर यहां गंगा बह रही हैं, तो दूसरी ओर अगले चार दिनों तक रामकथा की गंगा बहेगी। कथा स्थल पर जुटी भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे कुंडा में प्रयागराज का महाकुंभ लगा हो।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राजा भैया की सराहना करते हुए कहा कि वह सनातन के प्रखर और मुखर समर्थक हैं तथा हिंदुत्व के लिए काम करते हैं। उनके मुताबिक, यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन जागरण का महोत्सव है।

कथा में देरी होने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से माफी मांगी और बताया कि अगले दिन दोपहर दो बजे कथा शुरू होगी। उन्होंने पाकिस्तानी हिंदुओं को कथा सुनाने को अपने लिए सौभाग्य बताया। साथ ही कहा कि अगले दिन सुबह पाकिस्तानी हिंदुओं से हवन भी कराया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.