यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, गौतमबुद्धनगर में अधिकारियों को दी गई खास ट्रेनिंग; संवेदनशील बूथों की होगी पहचान
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गौतमबुद्धनगर में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन के निर्धारण और मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया समझाई गई।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
भारत निर्वाचन आयोग और जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर मंगलवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में नोएडा-61, दादरी-62 और जेवर-63 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामित अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
वल्नरेबिलिटी मैपिंग और संवेदनशील बूथों पर विशेष जोर
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग यानी संवेदनशीलता मानचित्रण और क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि चुनाव से पहले जरूरी व्यवस्थाओं और संभावित चुनौतियों का आकलन किया जा सके।
मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली और रैंप की व्यवस्था जरूरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और रैंप जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय के साथ अपने आवंटित क्षेत्रों में चुनाव संबंधी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी करें।
उन्होंने नियमित क्षेत्र भ्रमण और प्रभावी कार्ययोजना पर जोर देते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित और सुगम तरीके से मतदान करने का अवसर मिल सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।