जनगणना-2027 में प्रतिबंधित इलाकों के लिए खास व्यवस्था, सशस्त्र बलों के अधिकृत कर्मचारी ही जुटाएंगे आंकड़े; 30 नवंबर तक स्वगणना का मौका

0 13

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 के तहत गौतमबुद्धनगर के सशस्त्र बलों के प्रतिष्ठानों और प्रतिबंधित क्षेत्रों में आंकड़े जुटाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे स्थानों पर, जहां आम नागरिक प्रगणकों को प्रवेश की अनुमति नहीं है, वहां जनगणना का काम संबंधित प्रतिष्ठानों के अधिकृत कर्मचारी ही करेंगे। इन कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों के अंतर्गत जनगणना संबंधी आंकड़े एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

इस व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित प्रतिष्ठानों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और जिला जनगणना अधिकारी अजीत सिंह ने की।

जनगणना कार्य निदेशालय की ओर से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह ने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार काम पूरा करने की जानकारी विस्तार से दी गई।

कोई क्षेत्र या व्यक्ति जनगणना से न छूटे, इस पर जोर

विशेष व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सशस्त्र बलों के प्रतिष्ठानों और प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी जनगणना का काम बिना बाधा पूरा हो सके। प्रशासन का प्रयास है कि जनपद का कोई भी क्षेत्र या व्यक्ति जनगणना की प्रक्रिया से छूटने न पाए और सभी जरूरी आंकड़े निर्धारित तरीके से जुटाए जा सकें।

30 नवंबर तक घर बैठे पूरी कर सकते हैं स्वगणना

जिला जनगणना अधिकारी अजीत सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी और परिवार के सदस्यों की स्वगणना (Self Enumeration) जरूर पूरी करें।

उन्होंने कहा कि आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना अभियान को सफल बनाने और जिले में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के उप निदेशक अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.