‘योगी हमारे अभिभावक हैं, न्याय जरूर मिलेगा’, आर्यवर्धन के परिवार ने जताया भरोसा; CM ने आरोपितों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

0 26
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बैकहो लोडर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह के परिवार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की। गुरुवार शाम वह आवास विकास कॉलोनी झारखंडी स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। परिवार ने मुख्यमंत्री को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा।

मुख्यमंत्री शाम करीब 6:03 बजे ओंकार सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उसके पिता ओंकार सिंह, बाबा तहसीलदार सिंह तथा चाचा अनूप सिंह से घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एसएसपी को भी मौके पर बुलाया और अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा। मुख्यमंत्री ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बुधवार को अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री गुरुवार को टाउनहाल में भाजपा की जन चौपाल को संबोधित करने के बाद सीधे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने बाहर बैठे पिता और बाबा को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस निर्मम घटना को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

परिजनों ने सुनाई घटना की पीड़ा

मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान आर्यवर्धन के चाचा अनूप सिंह भावुक होकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि अगर चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया होता तो उनका आर्यवर्धन बच सकता था। मुख्यमंत्री ने उन्हें शांत कराया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।

इसके बाद योगी आदित्यनाथ घर के अंदर पहुंचे और आर्यवर्धन की मां अर्चना सिंह, चाची तथा परिवार की अन्य महिलाओं से मुलाकात की। मां ने घटना को याद करते हुए कहा कि उनका बेटा वहां छटपटा रहा था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि बच्चे के साथ किया गया निर्मम कृत्य है। उन्होंने परिजनों को बताया कि प्रशासन आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।

करीब 15 मिनट तक परिवार के बीच रहने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने रोड शो के दौरान एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की। उन्होंने कहा कि घटना के जरिए इलाके में भय और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 14 वर्षीय आर्यवर्धन हाईस्कूल का छात्र था और स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बैकहो लोडर ने उसे टक्कर मारी और फिर उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया गया।

चौरी चौरा के क्रांतिकारी परिवार से जुड़ा है आर्यवर्धन का परिवार

योगी आदित्यनाथ ने आर्यवर्धन के परिवार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह परिवार चौरी चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी परिवार का हिस्सा है। ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने वाले जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी के बाद इन क्रांतिकारियों की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाने में सफलता मिली थी। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जेल की यातनाएं सहीं, उसके सदस्य के साथ हुई इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है। प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सपा पर बरसे मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने घटना को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया और उनके लोगों की हरकतों से ‘शर्म भी शर्मसार’ हो रही है। योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश माफिया से परेशान था और अब फिर से अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने गुंडागर्दी, अराजकता और उद्दंडता को समाजवादी पार्टी की पहचान बताते हुए कहा कि सड़कें लोगों के आवागमन के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं।

परिवार को न्याय दिलाने का सरकार ने दिया भरोसा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रशासन को कानून के दायरे में रहकर घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिसने भी मासूम बच्चे को कुचलने की हिमाकत की है, उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रदेश सरकार उसके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री के जाने के बाद ओंकार सिंह, उनके भाई अनूप सिंह और पिता तहसीलदार सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ उनके अभिभावक हैं। परिवार के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनके सामने ही एसएसपी से कार्रवाई की जानकारी ली और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। परिजनों ने भरोसा जताया कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

इस दौरान सांसद रविकिशन शुक्ल और एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.