यूपी में मौसम लेगा करवट, पहले बारिश से भीगेगा पूर्वांचल फिर बढ़ेगी ठंड; कई जिलों में कोहरे का अलर्ट

0 32

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से तेज बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने का अनुमान है। वहीं, कई जिलों में सुबह के समय धुंध और कोहरा छाने से दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के असर से 20 नवंबर से प्रदेश में हवा की दिशा बदलने की संभावना है। इसका शुरुआती असर तापमान में बढ़ोतरी के रूप में दिख सकता है। अनुमान है कि पारे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद बारिश और मौसम में बदलाव के चलते तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के बाद 3 से 6 डिग्री तक गिरा था पारा

हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया था। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

प्रदेश के कई जिलों में 22 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शनिवार को हल्की से तेज बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

सुबह कोहरा, शाम को सर्द हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में सुबह दृश्यता कम होने से हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आ रहे हैं। सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन भी बढ़ गई है।

गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस हुई, लेकिन सुबह और शाम मौसम ठंडा रहा। पूरब दिशा से औसतन तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

अगले तीन दिन में ठंडी होंगी रातें

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है। रातें पहले के मुकाबले ज्यादा ठंडी होने का अनुमान है। धूप निकलने के बावजूद सुबह और शाम की ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। खुले इलाकों में हवा के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस हो सकती है।

बढ़ती ठंड को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजना बेहतर होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.