फांसी की सजा के बाद बेटी पीहू से मिलने को बेचैन मुस्कान, जेल प्रशासन को 3 बार लिखी चिट्ठी; परिवार ने भी फेर लिया मुंह
मेरठ: चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान अब अपनी बेटी पीहू से मिलने के लिए बेचैन है। बेटी से मुलाकात की इच्छा जताते हुए वह जेल प्रशासन को तीन बार पत्र लिख चुकी है। हालांकि, जेल में आने के बाद से अब तक उससे मिलने के लिए परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा है। पीहू फिलहाल अपने ननिहाल में रह रही है। परिजन पहले ही मुस्कान से किसी तरह का संबंध रखने से इनकार कर चुके हैं।
मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर 3 मार्च 2025 को अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद दोनों ने शव के पांच टुकड़े किए और उन्हें नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से भर दिया था। इस मामले में जिला जज की अदालत ने 14 अक्टूबर 2026 को मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी।
जेल में मुस्कान सिलाई का काम कर रही है, जबकि साहिल खेती और बागवानी से जुड़ा काम कर रहा है। सजा सुनाए जाने के बाद से मुस्कान लगातार अपनी बेटी से मिलने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक उसकी मुलाकात नहीं हो सकी है।
30 नवंबर को हाईकोर्ट में होगी फांसी की सजा के खिलाफ सुनवाई
मुस्कान और साहिल ने जिला अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है। हाईकोर्ट ने मामले से संबंधित दस्तावेज भी तलब किए हैं। अब इस मामले में 30 नवंबर को सुनवाई निर्धारित है। इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया बढ़ेगी। इस बार दोनों ने अपना मुकदमा लड़ने के लिए निजी वकील नियुक्त किए हैं।
हत्या वाले मकान का संगम जल से कराया गया था शुद्धिकरण
इस हत्याकांड के बाद से चर्चा में रहे मकान का 1 नवंबर को संगम जल से शुद्धिकरण कराया गया था। इसी घर में मुस्कान और साहिल ने 3 मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या की थी। मकान मालिक ओमपाल सिंह का कहना था कि वारदात के बाद से मकान का एक हिस्सा बंद पड़ा था, जिससे उन्हें करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ।
अखिल भारतीय हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ इंदिरानगर स्थित ओमपाल सिंह के मकान पर पहुंची थीं। उस समय मकान मालिक अपने पैतृक गांव पलवल गए हुए थे और घर पर ताला लगा था। उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि उनकी मौजूदगी के बिना मकान का गेट नहीं खोला जाएगा।
इसके बाद मीरा राठौर और उनके समर्थकों ने मकान के गेट पर संगम जल छिड़का और नारियल तोड़ा। दीपक और धूप जलाकर मंत्रोच्चारण किया गया। इसके बाद आरती कर शुद्धिकरण की रस्म पूरी की गई। मीरा राठौर इससे पहले महाशिवरात्रि पर ताजमहल में गंगाजल चढ़ाने और पूजा करने के प्रयास को लेकर भी चर्चा में आई थीं।