‘Secular Vibes’ से दिया एकता का संदेश, होर्नर कॉलेज के बच्चों ने मंच से पेश की सामाजिक सौहार्द की मिसाल
लखनऊ: होर्नर कॉलेज, महानगर एक्सटेंशन में आयोजित वार्षिक समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी विभाग के इस आयोजन में ‘Secular Vibes’ नामक विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का महत्व समझाया।
छोटे बच्चों की प्रस्तुति ने दिया बड़ा संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक मूल्यों को सामने रखा। ‘Tiny Voices, Big Messages’ के तहत बच्चों ने कविताओं के जरिए महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए। उनकी अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा।
‘The Wizard of Oz’ नाटक ने मोहा मन
समारोह में प्रसिद्ध कहानी पर आधारित नाटक ‘The Wizard of Oz’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। नन्हे कलाकारों ने अपने अभिनय और मंच कौशल से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा भारतीय और पाश्चात्य नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में खास रंग भरा।
मुख्य अतिथि की मौजूदगी में हुआ आयोजन
समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. माननी श्रीवास्तव शामिल हुईं। वह मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष, काउंसलिंग एवं गाइडेंस सेल की निदेशक तथा इंस्टीट्यूट ऑफ वुमेन एंड जेंडर स्टडीज की समन्वयक हैं। कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. माला मेहरा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनमें रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।