19 साल पुराने जमीन विवाद में फिर बढ़ीं आजम खां की मुश्किलें! कोर्ट ने दिए दोबारा जांच के आदेश, पुलिस ने जारी किया नोटिस

0 17

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से जुड़े करीब 19 साल पुराने जमीन विवाद मामले में एक बार फिर कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इस मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में जांच अधिकारी रविवार को आजम खां के आवास पर नोटिस लेकर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया। मामले की जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा को दी है।

2007 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी, आजम खां पर लगे थे आरोप

यह मामला रामपुर की गंज कोतवाली क्षेत्र का है। सपा सरकार के कार्यकाल में तूती वाला मकबरा के पास एक जमीन से प्रशासन ने कब्जा हटवाया था। इस जमीन पर बनी दुकान मोहल्ला सराय सहादत यार खां निवासी अफसर अली के नाम पर थी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ अफसर अली ने वर्ष 2007 में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि बिना कोई पूर्व सूचना या नोटिस दिए प्रशासन ने उनकी दुकान को तोड़ दिया। इस कार्रवाई के पीछे आजम खां का हाथ होने का आरोप भी लगाया गया था।

तत्कालीन एसडीएम भी थे मुकदमे में नामजद

इस मामले में आजम खां के अलावा तत्कालीन उप जिलाधिकारी नलिन कुमार अवस्थी को भी आरोपित बनाया गया था। मुकदमा लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में चलता रहा। इस बीच मुकदमे के वादी अफसर अली और तत्कालीन एसडीएम नलिन कुमार अवस्थी का निधन हो चुका है।

पुलिस ने पहले इस मामले में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। हालांकि, मौजूदा समय में मुकदमे की पैरवी कर रहे जुल्फिकार ने पुलिस की जांच पर असंतोष जताया और न्यायालय में दोबारा जांच कराने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया।

अदालत के आदेश के बाद फिर शुरू हुई विवेचना

जुल्फिकार की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने मामले की दोबारा जांच के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने नए सिरे से विवेचना की जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा को सौंपी।

जांच अधिकारी रविवार को आजम खां के आवास पर पहुंचे थे, लेकिन उनके नहीं मिलने पर अधिवक्ता को नोटिस उपलब्ध कराया गया। अब पुलिस इस पुराने जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों और आरोपों की दोबारा पड़ताल करेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.